Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, लुधियाना से लेकर जालंधर तक छाए काले घने बादल; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

पंजाब के कई जिलों में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक तेज आंधी-बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी.

Grok AI
Shanu Sharma

पंजाब के कई इलाकों में आज यानी रविवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली है. लोगों की आंखे खुलने से पहले ही लुधियाना में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. आसमान में पूरी तरह अंधेरा छा गया और तेज बारिश हो रही है. जालंधर में भी घने बादलों के साथ तेज हवाएं चल रही है. रूपनगर में धूल भरी आंधी के कारण दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया.

मौसम विभाग चंडीगढ़ ने 3 मई को सक्रिय हुए ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को देखते हुए पंजाब और चंडीगढ़ के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक 4 और 5 मई को भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, वर्षा और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है. विभाग के अनुसार यह विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों पर भी असर डालेगा.

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

IMD ने शनिवार को ही मौसम में आने वाले बदलाव को लेकर पूर्वानुमान जताया है, जिसमें तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताई गई थी. इसके अलावा कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक रविवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. इसके बाद 4 और 5 मई को स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो सकती है. कुछ इलाकों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है. इस दौरान ओलावृष्टि का भी अलर्ट है. मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर देखने को मिलेगा. पंजाब के अलग-अलग जिलों में सोमवार से तापमान कम होगा, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

आम नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी

मौसम विभाग ने आम नागरिकों, जिसमें विशेष रूप से किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है. विभाग की ओर से कहा गया कि बहुत ज्यादा गरज-चमक और तेज आंधी के दौरान घर से बाहर ना निकलें और अगर बाहर हो तो किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचें. किसानों को अपने कृषि कार्यों को फिलहाल टालने और खड़ी फसलों को सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई है. गेहूं समेत अन्य फसलों को तेज हवाओं और ओले से बचाने के लिए उचित प्रबंध करने को कहा गया है. आंधी-बारिश की संभावना को देखते हुए सिंचाई कार्य और कीटनाशकों का छिड़काव को फिलहाल रोकने की सलाह दी गई है. विभाग का कहना है कि सतर्कता बरतकर नुकसान को कम किया जा सकता है.