पंजाब सरकार ने राज्य को भारत के पर्यटन मानचित्र पर एक नया मुकाम देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में घोषणा की कि पठानकोट को ‘हिमालयन गेटवे ऑफ पंजाब’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जो साहसिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा.
इसके साथ ही अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और एक अत्याधुनिक फिल्म सिटी की स्थापना की योजना ने पूरे देश का ध्यान खींचा है. ये परियोजनाएं न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी, बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगी.
पठानकोट: साहसिक पर्यटन का नया गंतव्य
पठानकोट और आसपास की शिवालिक पहाड़ियों को विश्वस्तरीय एडवेंचर हब में तब्दील करने की योजना है. रंजीत सागर डैम और शाहपुरकंडी डैम पर जेट-स्कीइंग, काइट सर्फिंग, जिप-लाइनिंग और लक्जरी फ्लोटिंग रिसॉर्ट्स जैसी सुविधाएं शुरू की जा रही हैं. कंडी क्षेत्र में 15 नए ट्रैकिंग रूट, जंगल सफारी और ग्रामीण होमस्टे विकसित किए गए हैं, जो स्थानीय युवाओं को गाइड और उद्यमी के रूप में रोजगार दे रहे हैं. चमरोड पोर्ट (अमृतसर) में मोटर पैराग्लाइडिंग और हॉट-एयर बलून राइड्स की शुरुआत ने पंजाब को साहसिक खेलों के नक्शे पर ला दिया है.
मुख्यमंत्री मान ने उद्योगपतियों को पंजाब में निवेश का खुला न्योता दिया है. प्रस्तावित फिल्म सिटी बॉलीवुड और पंजाबी सिनेमा के लिए नया केंद्र बनेगी, जबकि अमृतसर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम खेल पर्यटन को नई ऊंचाइयां देगा. ये परियोजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ हॉस्पिटैलिटी, ट्रांसपोर्ट और हैंडीक्राफ्ट जैसे क्षेत्रों में हजारों नौकरियां पैदा करेंगी.
पंजाब सरकार ने ऐतिहासिक स्थलों के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया है. खटकर कलां में शहीद भगत सिंह संग्रहालय को 3D होलोग्राम और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के साथ अपग्रेड किया गया है. फिरोजपुर का सारागढ़ी म्यूजियम 21 सिख सैनिकों की वीरगाथा को जीवंत करता है. जलियांवाला बाग और किला मुबारक जैसे स्थलों का भी नवीनीकरण किया गया है, जिससे पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है.
पंजाब ने ग्रामीण पर्यटन में राष्ट्रीय पहचान बनाई है. गुरदासपुर का नवांपिंड सरदारां ‘भारत का बेस्ट टूरिज्म विलेज 2023’ चुना गया, जबकि फतेहगढ़ साहिब का हंसाली फार्मस्टे एग्री-टूरिज्म में अव्वल रहा. लोहड़ी, बैसाखी और तीज जैसे त्योहारों को पर्यटन कैलेंडर में शामिल कर वैश्विक मंच पर प्रचारित किया जा रहा है. फिरोजपुर का बसंत मेला और किला रायपुर ग्रामीण ओलंपिक्स जैसे आयोजनों ने लाखों पर्यटकों को आकर्षित किया.
पर्यटन को सुगम बनाने के लिए पंजाब सरकार ने नई टूरिज्म ऐप लॉन्च की है, जो होटल बुकिंग, टूर गाइड और इवेंट्स की जानकारी एक ही मंच पर देती है. ‘पंजाब टूरिज्म एंड हेरिटेज अथॉरिटी एक्ट, 2025’ के तहत सिंगल-विंडो क्लीयरेंस और स्थानीय समुदायों को राजस्व में हिस्सेदारी सुनिश्चित की गई है. 2024-25 में 73 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश ने पंजाब को शीर्ष पर्यटन राज्यों की दौड़ में ला खड़ा किया है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान का विजन है कि अगले तीन वर्षों में पंजाब न केवल भारत का प्रमुख पर्यटन गंतव्य बने, बल्कि वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराए. साहसिक खेल, सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं के साथ पंजाब एक समावेशी और जिम्मेदार पर्यटन मॉडल की ओर बढ़ रहा है.