पाकिस्तान में लापता भारतीय सिख महिला ने बदला धर्म, स्थानीय व्यक्ति से किया निकाह; जानें कैसे पहुंची
पाकिस्तान में लापता पंजाब की सरबजीत कौर के इस्लाम कबूल कर ‘नूर’ नाम से पाकिस्तानी युवक नासिर हुसैन से शादी करने का दावा सामने आया है.
चंंडीगढ़: पाकिस्तान में लापता हुई पंजाब की महिला सरबजीत कौर को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. उनके कथित तौर पर इस्लाम अपनाने और एक पाकिस्तानी युवक से शादी करने का दावा सामने आया है. सरबजीत कौर, उम्र 52 साल, पंजाब के कपूरथला की रहने वाली हैं.
वे 4 नवंबर को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गए 1992 सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ वाघा-अटारी बॉर्डर पार कर पाकिस्तान गई थीं. यह जत्था 13 नवंबर को भारत लौटा लेकिन कौर उनके साथ नहीं लौटीं. इसी बीच उर्दू भाषा में एक निकाहनामा सामने आया है.
दस्तावेज में क्या आया सामने?
दस्तावेज के अनुसार कौर ने इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम 'नूर' रखा और पाकिस्तान के शेखुपुरा के रहने वाले नासिर हुसैन से शादी कर ली. हालांकि इस दस्तावेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है. पाकिस्तान के शेखुपुरा में लाहौर से लगभग 56 किलोमीटर की दूरी पर यह विवाह किया गया होने का दावा है.
क्या वह पाकिस्तान में हैं?
जानकारी के अनुसार कौर पहले से तलाकशुदा थीं और उनके दो बेटे हैं. उनके पूर्व पति कर्नैल सिंह पिछले करीब 30 साल से इंग्लैंड में रहते हैं. कौर का पासपोर्ट पंजाब के मुक्तसर जिले में जारी हुआ था. पाकिस्तान पहुंचने के बाद उनके वापस लौटने का कोई भी इमिग्रेशन रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है जिससे शक और गहरा हो गया है कि वे पाकिस्तान में ही रुकी रहीं.
पंजाब पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
जब जत्था भारत लौटा और कौर उनके साथ नहीं थीं तो भारतीय इमिग्रेशन विभाग ने तुरंत पंजाब पुलिस को इसकी सूचना दी. पंजाब पुलिस ने मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर अन्य एजेंसियों के पास भेज दी है. भारतीय दूतावास भी पाकिस्तानी अधिकारियों से लगातार संपर्क में है ताकि कौर की स्थिति और सुरक्षा के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके.
क्यों जाते हैं सिख श्रद्धालु पाकिस्तान?
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हर साल सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान भेजती है जहां वे ननकाना साहिब और अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों में मत्था टेकते हैं. इस वर्ष गुरु नानक देव की 555वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं का जत्था भेजा गया था. सुरक्षा कारणों के चलते पहले यह अनुमति रोकी गई थी लेकिन बाद में इसे मंजूरी दे दी गई.
क्या कौर अपनी मर्जी से रुकीं हैं पाकिस्तान?
कौर का पाकिस्तान में रह जाना, धर्म परिवर्तन और कथित विवाह कई सवाल खड़े करता है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच गंभीरता से चल रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह महिला की मर्जी से हुआ या किसी दबाव में. परिवार और प्रशासन दोनों इस मामले को लेकर चिंतित हैं और भारत सरकार लगातार पाकिस्तान से संपर्क में है.
और पढ़ें
- पंजाब में ISI समर्थित ग्रेनेड हमले की साजिश को पुलिस ने किया नाकाम, 10 गिरफ्तार, विदेशी कनेक्शन बेनकाब
- पंजाब में औद्योगिक क्रांति, 10.32 लाख नए छोटे उद्योग, मान सरकार के प्रोत्साहन से महिलाएं बनीं उद्यमी
- मान सरकार का समावेशी प्रयास, दिव्यांगों को सम्मान, अवसर और आत्मनिर्भर बनाकर पंजाब बना पूरे देश के लिए प्रेरणा