menu-icon
India Daily

परिवार की शादी की खुशी मातम में बदली, पेड़ से टकराई होंडा सिटी, 2 महिलाओं और एक बच्चे की मौत

पंजाब के फरीदकोट जिले में एक कार सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसमें कार में सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे.

Kanhaiya Kumar Jha
परिवार की शादी की खुशी मातम में बदली, पेड़ से टकराई होंडा सिटी, 2 महिलाओं और एक बच्चे की मौत
Courtesy: Gemini AI

फरीदकोट: पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव चंदभान के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो महिलाओं और एक 11 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.  यह हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. 

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, गांव चंदभान के निवासी यह परिवार होंडा सिटी कार में सवार होकर जैतो के बराड़ पैलेस में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहा था.  लेकिन रास्ते में, गांव से करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई.  टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. 

दो महिलाओं और एक बच्चे की दर्दनाक मौत

इस हादसे में कार में सवार दो महिलाओं और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.  स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.  समाजसेवी संस्थाओं की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल जैतो ले जाया गया.  वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल कोटकपूरा रेफर कर दिया. 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया.  पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.  प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या अचानक नियंत्रण खोने की वजह से यह दुर्घटना हुई होगी. 

क्यों हुआ ये भीषण हादसा?

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क संकरी है और कई बार वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो जाते हैं.  पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है.  पूरे इलाके में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है.