पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, 6 की मौत और दो दर्जन से भी ज्यादा लोग घायल

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक बस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं दो दर्जन से भी ज्यादा लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं.

Pinterest
Shanu Sharma

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले से एक दुखद घटना सामने आई है. जिसमें आनंदपुर साहिब से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस के अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 25 यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया गया है.

मिल रही जानकारी के मुताबिक बस में करीब 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे, जो आनंदपुर साहिब गुरुद्वारा के दर्शन कर अपने गांव मेन माजरी लौट रहे थे. बस्सी पठाना के पास रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच यह हादसा हुआ. स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. 

चश्मदीदों ने बताई पूरी घटना 

घटना के चश्मदीदों ने इस हादसे को बेहद भयावह बताया. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज आई. जब मैं दौड़कर पहुंचा तो बस पलटी हुई थी और यात्री चीख रहे थे. आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए जुट गए और घायलों को बाहर निकाला. हालांकि दूसरे चश्मदीद ने बताया कि शुरुआत में एंबुलेंस की संख्या कम होने से देरी हुई. केवल एक एंबुलेंस पहुंची थी, जिसके कारण कई घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाना पड़ा. घायल एक महिला यात्री ने बताया कि बस का एक टायर अचानक फट गया, जिससे ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा. बस एक तरफ झुक गई और सड़क किनारे लगे बिजली खंभे से जोरदार टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े और बस पलट गई.

पुलिस ने दी मामले की जानकारी 

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक इस घटना के पीछे गाड़ी में समस्या ही इस घटना का कारण है. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. जिला प्रशासन के अनुसार, 15 घायलों को मोरिंडा के अस्पताल में और 9 को फतेहगढ़ साहिब सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्तर के अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है. मरने वालों की शिनाख्त कर परिवारों को सूचित कर दिया गया है.