बेंगलुरु में एक कनाडाई महिला ने एक बड़े होटल के स्पा में मसाज थेरेपिस्ट पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. यह घटना शहर के विधान सौधा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई. महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले पर जांच शुरू कर दी है.
महिला की शिकायत के अनुसार, वह होटल के स्पा सेंटर में मसाज लेने गई थी. सेशन के दौरान थेरेपिस्ट ने उसे अनुचित तरीके से छुआ और जब वह अर्धनग्न हालत में थी, तब कमरे का दरवाजा खोल दिया. इससे महिला को बहुत शर्मिंदगी और मानसिक परेशानी हुई. उसने बताया कि यह अनुभव उसके लिए बहुत दुखद था.
शिकायत के बाद महिला ने होटल मैनेजमेंट से बात की. मैनेजमेंट ने मसाज के लिए दिए गए 10 हजार रुपये में से 7 हजार रुपये वापस कर दिए और मामले को यहीं खत्म करने की सलाह दी लेकिन महिला इससे संतुष्ट नहीं हुई और विधान सौधा थाने पहुंची. उसने थेरेपिस्ट के साथ-साथ होटल स्टाफ और मैनेजमेंट की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं. हालांकि पुलिस सूत्रों ने मामले को लेकर एक अलग पक्ष सामने रखा है.
पुलिस ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में स्पष्टता की कमी है. सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद महिला ने मुआवजे के तौर पर बड़ी रकम की मांग की थी और जब होटल मैनेजमैंट ने पैसे देने से इनकार कर दिया तब जाकर महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
महिला फिलहाल बेंगलुरु शहर से बाहर चली गई है, पुलिस का कहना है कि मामलेकी सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला पंजाबी मूल की है और कनाडा में रहती है. वहीं पुलिस मसाज सेंटर के थेरेपिस्ट और मैंनेजमेंट से बात कर रही है और सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.