T20 World Cup 2026

बेंगलुरु में तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मचाया मौत का तांडव, कई वहानों को मारी भीषण टक्कर; 1 की मौत और कई घायल

Sanjeevini Ambulance: बेंगलुरु के विल्सन गार्डन इलाके में सुबह के समय एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने अचानक सड़क पर कहर बरपा दिया.  इस हादसे में एक शख्स की मौके पर मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 

Twitter
Princy Sharma

Bengaluru Accident News: बेंगलुरु के विल्सन गार्डन इलाके में 1 मई की सुबह एक भयानक हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया. सुबह के समय एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने अचानक सड़क पर कहर बरपा दिया.  इस हादसे में एक शख्स की मौके पर मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 

यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे बेंगलुरु के बीटीएस रोड पर हुआ. सीसीटीवी में कैद इस घटना की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. तेज रफ्तार में दौड़ती 'संजीवनी एंबुलेंस' ने दो ठेलों, एक ऑटो, एक स्कूटर और एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी. यह एंबुलेंस चलाने वाला 30 वर्षीय चिरंजीवी नाम का ड्राइवर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

मृतक और घायल की हुई पहचान

इस हादसे में 49 वर्षीय रमेश, जो एक ठेला लगाकर जीवन यापन करते थे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा छह अन्य लोग – जिनमें राहगीर, स्कूटर सवार और ऑटो ड्राइवर शामिल हैं गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

लोगों का गुस्सा फूटा

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद लोगों ने एंबुलेंस ड्राइवर को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी, फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. प्रारंभिक पूछताछ में चिरंजीवी ने दावा किया कि एंबुलेंस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. बेंगलुरु पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि ड्राइवर नशे में नहीं था और उसकी अल्कोहल रिपोर्ट नेगेटिव आई है.

मामले की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि RTO अधिकारी और फॉरेंसिक टीम वाहन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा वाकई तकनीकी खराबी के कारण हुआ या ड्राइवर की लापरवाही की वजह से हुआ है. विल्सन गार्डन पुलिस स्टेशन ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है. इस घटना ने शहर में आपातकालीन वाहनों की सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.