कर्नाटक: स्कूल में तेज धमाके से मचा हड़कंप, अफवाहों पर लगा विराम! पटाखों की आवाज निकली वजह
कर्नाटक के आनेकल में एक निजी स्कूल में तेज धमाके से अफरातफरी मच गई. जांच में पता चला कि यह बम नहीं, बल्कि छात्रों द्वारा फोड़े गए दिवाली के पटाखों की आवाज थी. शामिल छात्रों को निलंबित किया गया.
कर्नाटक: कर्नाटक के आनेकल (Anekal) में मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई देने से छात्रों और अभिभावकों में अफरातफरी मच गई. सोशल मीडिया पर स्कूल में बम ब्लास्ट की अफवाहें फैलने लगीं, लेकिन जांच में सामने आया कि यह धमाका असल में छात्रों द्वारा फोड़े गए दिवाली के बचे हुए पटाखों का था. स्कूल प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार का विस्फोटक या बम स्कूल परिसर में नहीं मिला.
घटना सोमवार सुबह करीब 10:10 बजे की बताई जा रही है. स्कूल के असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि स्टाफ को अचानक शौचालय की दिशा से तेज आवाज सुनाई दी. उन्होंने बताया कि हम तुरंत मौके पर पहुंचे और पाया कि कुछ छात्रों ने दिवाली के बचे हुए पटाखे जलाए थे. स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लिया गया और किसी को कोई चोट नहीं आई.
स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन को इस घटना की जानकारी दी. अगले दिन, मंगलवार को एक अभिभावक ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और मौके की जांच की. पुलिस अधिकारियों ने भी अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि यह कोई बम विस्फोट नहीं था, बल्कि केवल पटाखों के कारण हुआ तेज धमाका था.
छात्रों पर कार्रवाई
स्कूल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल छात्रों को सस्पेंड कर दिया है. डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि बाद में बच्चों ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद अपनी गलती स्वीकार की. वे यह नहीं समझ पाए थे कि इससे स्कूल में कितना डर और भ्रम फैल सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में इस घटना को ब्लास्ट बताया जा रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक है. उन्होंने कहा कि हमने यह स्पष्ट करना जरुरी समझा कि स्कूल में किसी प्रकार का धमाका या विस्फोट नहीं हुआ. केवल पटाखों की आवाज से घबराहट हुई.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब देश में 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो चुकी है. उस हादसे के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. ऐसे माहौल में किसी भी तेज आवाज या धमाके को लेकर लोगों की संवेदनशीलता बढ़ी हुई है. स्कूल प्रशासन और पुलिस दोनों ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें. फिलहाल स्कूल ने सुरक्षा उपायों को और सख्त कर दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
और पढ़ें
- 'देश की सुरक्षा खतरे में...', कर्नाटक की जेल में आतंकी को मिल रहे वीआईपी ट्रीटमेंट पर बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला हमला
- शराब..कटे फल और नाचते कैदी, बेंगलुरु सेंट्रल जेल का एक और वीडियो वायरल; मंत्री ने मांगी रिपोर्ट
- 'भारत शांति चाहता है, लेकिन....', RSS प्रमुख मोहन भागवत ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी