Bigg Boss 19

जेल में बंद राजपाल यादव के लिए कमाल आर खान ने खोला दिल, कर्ज चुकाने के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

राजपाल यादव इन दिनों 9 करोड़ के कर्ज और चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में हैं. इस बीच कमाल आर खान ने 10 लाख रुपये देने की पेशकश की है और बॉलीवुड से मिलकर रकम जुटाने की अपील की है.

X
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इन दिनों गंभीर कानूनी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. उन पर करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस का मामला चल रहा है. गुरुवार को उन्होंने सरेंडर किया जिसके बाद उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल में रिमांड पर भेज दिया गया. यह मामला साल 2010 से जुड़ा बताया जा रहा है जब उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म को फाइनेंस करने के लिए लोन लिया था. बताया जाता है कि राजपाल यादव ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. इसके बाद उन पर आर्थिक दबाव बढ़ता गया और मामला कोर्ट तक पहुंच गया. कई सालों से चल रही इस कानूनी प्रक्रिया ने अब उन्हें जेल तक पहुंचा दिया है.

इस मुश्किल समय में कमाल आर खान ने खुलकर उनका समर्थन किया है. उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह राजपाल यादव की मदद के लिए 10 लाख रुपये देने को तैयार हैं. उन्होंने बॉलीवुड के दूसरे लोगों से भी अपील की कि सब मिलकर करीब पांच करोड़ रुपये इकट्ठा करें ताकि राजपाल को तुरंत राहत मिल सके. उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.

राजपाल यादव को फिल्म इंडस्ट्री से मिला सपोर्ट

राजपाल यादव को फिल्म इंडस्ट्री के कुछ कलाकारों का भी साथ मिल रहा है. सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह अपनी एक फिल्म में राजपाल को कास्ट करेंगे और दूसरे प्रोड्यूसर्स से भी अनुरोध किया कि वे साइनिंग अमाउंट देकर उन्हें आर्थिक राहत दें. वहीं गुरमीत चौधरी ने भी इंडस्ट्री से अपील की कि वे राजपाल की कानूनी लड़ाई में साथ खड़े हों.

इस मामले में राजनीति से जुड़े लोग भी अपना रिएक्शन साझा कर रहे हैं. तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव के लिए ग्यारह लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इस ऐलान के बाद यह मुद्दा और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है.

राजपाल यादव का भावुक बयान

सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्हें कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आ रहा. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने इंडस्ट्री में दोस्तों से मदद मांगी है तो उन्होंने कहा कि यहां हर कोई अकेला है और उन्हें इस मुश्किल से खुद ही निकलना होगा. उनका यह बयान सुनकर कई फैंस भावुक हो गए.