menu-icon
India Daily

Naxalite Encounter: झारखंड में नक्सलियों पर सुरक्षा बलों का जोरदार वार, मुठभेड़ में ढेर हुआ नक्सली, सर्च ऑपरेशन जारी 

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में सीआरपीएफ और पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया और कई हथियार बरामद किए गए. मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज करने का ऐलान किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Naxalite Encounter: झारखंड में नक्सलियों पर सुरक्षा बलों का जोरदार वार, मुठभेड़ में ढेर हुआ नक्सली, सर्च ऑपरेशन जारी 
Courtesy: Social Media

Naxalite Encounter: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक नक्सली मारा गया. यह मुठभेड़ पौसेता गांव के पास जंगल और पहाड़ी इलाके में हुई, जहां सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई. मुठभेड़ के बाद मौके से एक नक्सली का शव और कई हथियार बरामद किए गए हैं.

आईजी ऑपरेशन डॉ. माइकल राज ने बताया कि चाईबासा के गोइलकेरा में यह मुठभेड़ अभी भी जारी है और नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है. सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ताकि बचे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके या इलाके से खदेड़ा जा सके. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

तलाशी अभियान जारी

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में पिछले कुछ समय से लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं. बुधवार तड़के सुरक्षा बल गोइलकेरा के सौता इलाके में सर्च ऑपरेशन कर रहे थे, तभी नक्सलियों ने पुलिस कर्मियों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को कड़ी टक्कर दी.

नक्सलियों के मनोबल पर असर

सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान अपनी स्थिति मजबूत रखते हुए नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया. घटना स्थल से मिले हथियारों में राइफल और गोला-बारूद शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से नक्सलियों के मनोबल पर असर पड़ेगा और उनके नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी.

नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज

आईजी ऑपरेशन डॉ. माइकल राज ने साफ किया कि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों का लक्ष्य नक्सलियों की किसी भी प्रकार की आपूर्ति और मदद के रास्ते को पूरी तरह बंद करना है. साथ ही, स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे नक्सलियों के गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें.

जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी 

मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की मौजूदगी और बढ़ा दी गई है और जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सली संगठन पर दबाव बढ़ेगा और क्षेत्र में उनकी पकड़ कमजोर होगी. इस सफलता को सुरक्षा बलों ने बड़ी उपलब्धि बताया है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक झारखंड पूरी तरह नक्सल मुक्त नहीं हो जाता, तब तक ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.