menu-icon
India Daily

झारखंड में बड़ा हादसा, कोयले की स्लरी के नीचे दबकर 4 मजदूरों की मौत; कई अन्य के दबे होने की आशंका

धनबाद में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कोयले की स्लरी (कोयले का बारीक चूरा) के नीचे दबकर 4 मजदूरों की मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि कुछ और मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं.

KanhaiyaaZee
झारखंड में बड़ा हादसा, कोयले की स्लरी के नीचे दबकर 4 मजदूरों की मौत; कई अन्य के दबे होने की आशंका
Courtesy: Social Media

रांची: झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम अचानक हुए हादसे में 4 मजदूरों की जान चली गई. ये सभी मजदूर कोयले की स्लरी (कोयले का बारीक चूरा) के नीचे दब गए. आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ और मजदूर फंसे हो सकते हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित कोल वाशरी परियोजना में शाम करीब 5 बजे हुई. उस समय ट्रक में स्लरी लोड करने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक स्लरी का ढेर ढह गया और वहां काम कर रहे कई ठेका मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

मौके पर अफरा-तफरी, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. हालात की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया.

जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा, तलाश जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक 4 शव बरामद किए जा चुके हैं. हालांकि, कुछ और मजदूरों के दबे होने की आशंका बनी हुई है. बचाव दल जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटा है. राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और हर संभव कोशिश की जा रही है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.