T20 World Cup 2026

अब धनबाद से मिलेगा पक्का टिकट, अमृत भारत ट्रेन में सीटों की बड़ी बढ़ोतरी

धनबाद से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. हावड़ा आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस में अब धनबाद स्टेशन से 360 सीटों का कोटा तय किया गया है. 10 अप्रैल से बढ़े हुए कोटे का लाभ मिलेगा.

X
Babli Rautela

धनबाद से दिल्ली और आसपास के इलाकों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेल ने हावड़ा आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस में धनबाद स्टेशन का सीट कोटा बढ़ाने का फैसला किया है. अब इस ट्रेन में धनबाद से 360 सीटें निर्धारित की गई हैं. जब इस ट्रेन की शुरुआत हुई थी, तब धनबाद स्टेशन को केवल 20 सीटों का कोटा मिला था. नतीजा यह रहा कि बुकिंग शुरू होते ही लंबी वेटिंग लिस्ट बन जाती थी और कई बार नोरूम की स्थिति भी हो जाती थी. यात्रियों को टिकट के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी.

नई व्यवस्था के तहत अब धनबाद स्टेशन से भी जनरल कोटा के टिकट जारी किए जाएंगे. यानी बुकिंग खुलते ही जितनी सीटें हावड़ा और पश्चिम बंगाल के अन्य स्टेशनों पर उपलब्ध होंगी, उतनी ही संख्या में टिकट धनबाद से भी बुक किए जा सकेंगे. इससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. रेलवे ने जानकारी दी है कि 10 अप्रैल से बढ़े हुए कोटे का लाभ यात्रियों को मिलना शुरू हो जाएगा. इससे पहले जिन यात्रियों को टिकट के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था, उन्हें अब सीधे धनबाद से सीट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी.

सात स्लीपर बोगियां जोड़ी गईं

इस ट्रेन में सात स्लीपर कोच जोड़े जा रहे हैं. इन सातों बोगियों को मिलाकर कुल 560 बर्थ उपलब्ध होंगी. इनमें से 360 सीटों का कोटा धनबाद स्टेशन के लिए तय किया गया है. शेष सीटें अन्य स्टेशनों और अलग अलग कोटे के तहत आवंटित रहेंगी.

सीटों की संख्या बढ़ने से खासकर लंबी दूरी के यात्रियों को फायदा होगा. दिल्ली जाने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और पारिवारिक यात्राओं के लिए यह ट्रेन पहले से ही सुविधाजनक मानी जाती रही है.

शुरुआत से ही लोकप्रिय रही ट्रेन

धनबाद होकर चलने वाली यह ट्रेन 18 जनवरी से परिचालन में आई थी. शुरुआत के साथ ही इसे यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला. कम समय में यह ट्रेन लोकप्रिय हो गई. फरवरी महीने में शादी विवाह के मौसम का असर इस ट्रेन की बुकिंग पर साफ दिखा. सीटें तेजी से भर रही हैं. फरवरी के अंतिम सप्ताह से होली की भीड़ बढ़ने की संभावना है. त्योहार के बाद फिर से शुभ मुहूर्त और विवाह सीजन के चलते यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है.

सीट कोटा बढ़ने से वेटिंग लिस्ट कम होने की उम्मीद है. पहले जहां टिकट मिलना मुश्किल हो जाता था, अब यात्रियों को बेहतर अवसर मिलेगा. धनबाद जैसे प्रमुख स्टेशन को बड़ा कोटा मिलने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचेगा. रेलवे के इस फैसले को यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है. आने वाले त्योहारों और गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए यह निर्णय समय पर लिया गया है.