पत्नी को वीडियो कॉल करते देख बेकाबू हुआ पति, बेटे को दूसरे कमरे में भेजकर उठाया ये खौफनाक कदम
गुरुग्राम में शक के चलते पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी सुसाइड कर लिया. 7 साल पहले लव मैरिज करने वाले इस जोड़े का मासूम बच्चा घर में टीवी देख रहा था जब यह खौफनाक वारदात हुई.
गुरुग्राम: वैवाहिक जीवन में शक की दीवार कितनी भयावह हो सकती है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला गुरुग्राम के सेक्टर-9 थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां अलवर के रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए पहले उसकी जान ले ली और फिर खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. प्रेम विवाह के सात साल बाद हुए इस दुखद अंत ने सबको झकझोर दिया है.
पुलिस के अनुसार, दीपक को अपनी पत्नी सोनम पर काफी समय से शक था और वह उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था. 19 अप्रैल को जब दीपक घर पहुंचा, तो उसने सोनम को वीडियो कॉल पर बात करते देखा. उसके आते ही सोनम ने फोन काट दिया, जिससे विवाद गहरा गया. दीपक ने जब फोन मांगा तो सोनम ने इनकार कर दिया. इस पर गुस्सा बेकाबू हो गया और दीपक ने सोनम की चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
मासूम बेटा देखता रहा टीवी
हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान कपल का मासूम बेटा घर में ही मौजूद था. झगड़ा शुरू होते ही पिता ने उसे दूसरे कमरे में जाकर टीवी देखने के लिए कह दिया था. मासूम बच्चा बेखबर होकर टीवी देखता रहा, जबकि दूसरे कमरे में उसकी मां की जान ले ली गई. उसे जरा भी भनक नहीं लगी कि पिता ने उसे हमेशा के लिए अनाथ बना दिया है. पुलिस ने बाद में बच्चे से पूछताछ कर बयान दर्ज किए.
ऐसे हुआ घटना का खुलासा
वारदात का खुलासा तब हुआ जब सोनम की बहन ने उसे कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी की आशंका होने पर उसने अपनी 14 वर्षीय बेटी को घर भेजा. जैसे ही लड़की ने कमरे में झांका, वह खौफनाक मंजर देखकर चीख पड़ी. फर्श पर सोनम की लाश पड़ी थी और दूसरी ओर दीपक फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस तथा परिजनों को सूचना दी गई.
दीपक और सोनम राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे और सात साल पहले उन्होंने प्रेम विवाह किया था. शुरुआत में उनका दांपत्य जीवन बहुत मधुर था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्ते में दरार आने लगी थी. दीपक के मन में समाया शक का बीज धीरे-धीरे एक बड़े विवाद का कारण बन गया. प्रेम विवाह का ऐसा भयानक अंत सुनकर इलाके में मातम पसरा हुआ है. शक की वजह से एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से उजड़ गया है.
पुलिस जांच और डिजिटल सबूत
पुलिस ने फिलहाल दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सोनम के मोबाइल की जांच में एक अज्ञात नंबर पर लगातार बातचीत और वीडियो कॉल के सबूत मिले हैं. पुलिस इसे ही वारदात की प्राथमिक वजह मान रही है. दीपक के फोन रिकॉर्ड्स और कॉल हिस्ट्री को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है. मामले की गहन जांच जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस हृदयविदारक घटनाक्रम के पीछे क्या किसी तीसरे व्यक्ति का भी हाथ था.