पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खटीक बस्ती इलाके में पुरानी रंजिश के चलते वेस्ट कारोबारी विक्रम उर्फ विक्की की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बदमाशों ने विक्रम पर चाकुओं से तब तक वार किए, जब तक उसकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई.
इस सनसनीखेज हत्या का फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी फिल्मी अंदाज में हमला करते हुए नजर आ रहे हैं. जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय विक्रम उर्फ विक्की वेस्ट कपड़ों का कारोबार करता था. शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था. उसके साथ उसका भतीजा जयदीप भी मौजूद था. जैसे ही विक्रम अपने घर के पास पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया.
आरोपियों ने अचानक चाकुओं से हमला शुरू कर दिया. विक्रम बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावरों ने उस पर लगातार वार किए. हमले के बाद आरोपी मृतक के शव को सड़क पर फेंककर फरार हो गए. कुछ आरोपियों के हाथों में तलवारें भी दिखाई दे रही हैं, जिन्हें वे वारदात के बाद लहराते नजर आए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
मृतक के परिजनों ने कॉलोनी के ही कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि सट्टेबाजी की शिकायत करने को लेकर पहले भी विक्रम पर हमला किया गया था. उस समय आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल में आग भी लगा दी थी. परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपियों में से कुछ लोग पहले से हत्या जैसे गंभीर मामलों में आरोपी रह चुके हैं और जमानत पर बाहर आए थे.
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 29 थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया. गंभीर हालत में विक्रम को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया.
मृतक के परिजनों के पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अलग अलग स्थानों पर दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है. इसके लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं.