दिल्ली में मौसम लेगा का यू-टर्न, अगले 2 दिन में होगा आंधी-बारिश का डबल अटैक; अलर्ट जारी

दिल्ली में अगले दो दिन मौसम बदला रहेगा. आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत मिलेगी. चलिए जानते हैं मौसम विभाग की ओर से क्या चेतावनी दी गई है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मई की शुरुआत के साथ मौसम ने करवट ले ली है. राजधानी में आज 2 मई को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और लोगों को तेज गर्मी से हल्की राहत महसूस हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में मौसम और ज्यादा बदल सकता है. 3 और 4 मई को दिल्ली में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. तापमान सामान्य के करीब रहेगा, लेकिन हल्की उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

सुबह से कैसा है मौसम?

सुबह के समय करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. दोपहर में हवा की गति बढ़कर 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. शाम और रात के समय दक्षिण-पश्चिम दिशा से हल्की हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम में बदलाव महसूस होगा.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार असली बदलाव 3 मई से देखने को मिलेगा. सुबह तक आंशिक बादल बने रहेंगे, लेकिन दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छा सकते हैं. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी भी चल सकती है.

हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. कुछ स्थानों पर हवा के तेज झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. इसके कारण पेड़ों की टहनियां टूटने, धूल भरी आंधी और विजिबिलिटी कम होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

4 मई को भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा. पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है. एक या दो बार हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना रहेगा और गर्मी का असर काफी कम हो जाएगा.

कितना रहेगा तापमान?

4 मई को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है.