Chhattisgarh New Assembly Inauguration: छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का राज्योत्सव पर पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, जानें इसकी खासियत
Chhattisgarh New Assembly Inauguration: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नई विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे. धान की बालियों से सजी छत और बस्तर के कारीगरों के बनाए फर्नीचर इसकी खासियत हैं. यह भवन कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुआ था और भाजपा सरकार में पूरा हुआ. परिसर में 500 सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया गया है.
Chhattisgarh New Assembly Inauguration: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नई विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे. यह दिन राज्य के स्थापना दिवस यानी राज्योत्सव के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के भी शामिल होने की संभावना है. राजधानी रायपुर में सुरक्षा और सजावट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
नई विधानसभा भवन की सबसे खास बात इसकी डिजाइन और सजावट है, जिसमें छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान झलकती है. भवन की छत पर धान की बालियां उकेरी गई हैं, जो प्रदेश की कृषि परंपरा और समृद्धि का प्रतीक हैं. वहीं बस्तर के कारीगरों ने इस भवन का फर्नीचर तैयार किया है, जिससे स्थानीय कला और शिल्प को सम्मान मिला है.
नई विधानसभा परिसर की खासियत
नई विधानसभा परिसर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि मंत्रालय, संचालनालय और विधानसभा भवन एक ही सर्कल में स्थित हैं. इससे प्रशासनिक कार्यों में अधिक सुविधा, समन्वय और पारदर्शिता आएगी. यह आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन छत्तीसगढ़ की उन्नति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक माना जा रहा है.
भवन से जुड़ी एक दिलचस्प बातें
भवन से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह है कि इसका भूमि पूजन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था, जबकि इसका निर्माण कार्य भाजपा सरकार में पूरा हुआ. 28 अगस्त 2020 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस भवन की आधारशिला रखी थी. उस समय सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया था. भवन का नाम प्रदेश की पहली सांसद मिनी माता के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी रखा गया था.
नई विधानसभा परिसर में मिलने वाली सुविधाएं
2023 में भाजपा सरकार बनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की, जिसके बाद लगभग 5 साल में यह परियोजना पूरी हुई. नई विधानसभा परिसर में 500 सीटों वाला एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया गया है. इसमें विशाल मंच, वीआईपी लाउंज, प्री-फंक्शन लॉबी, दो ग्रीन रूम, प्रशासनिक कक्ष, लिफ्ट और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं. यह ऑडिटोरियम बड़े राज्य स्तरीय आयोजनों के लिए भी उपयोगी होगा. इस भव्य भवन का उद्घाटन राज्य के गौरव और विकास की नई दिशा को दर्शाएगा.
और पढ़ें
- भागकर शादी करने पर भड़के परिवार वाले, हिंसक झड़प में दुल्हन के भाई की कर दी पीट-पीटकर हत्या
- 'आपका दिल छोटा है...', CM भूपेश बघेल ने नक्सलवाद पर PM के बयान पर साधा निशाना, X पर पोस्ट शेयर कर दिया करारा जवाब
- Chhattisgarh Railway Track Accident: इयरफोन लगाने की वजह से नहीं सुनाई दी ट्रेन हार्न, ट्रैक क्रास करते समय हुई युवक की मौत