menu-icon
India Daily

'तेरे बाप को मार दिया, लाश बैग में है...', बेटी को फोन पर उसके पिता की हत्या की दास्तान बताकर मां हुई फरार

छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक महिला ने पति की हत्या कर लाश को ट्रॉली बैग में छिपा दिया. उसने अपनी बेटी को फोन कर यह बात खुद बताई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'तेरे बाप को मार दिया, लाश बैग में है...', बेटी को फोन पर उसके पिता की हत्या की दास्तान बताकर मां हुई फरार
Courtesy: Pinterest

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर उसकी लाश को ट्रॉली बैग में भर दिया. फिर उसने अपनी बेटी को फोन कर यह भयावह बात खुद बताई. बेटी ने जब यह सुना कि उसकी मां ने पिता की हत्या कर दी है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई.

घटना जशपुर जिले के भिंजपुर गांव की है. पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला का नाम मंगरीता है, जिसकी उम्र लगभग 40 साल बताई जा रही है. मंगरीता का अपने पति संतोष भगत जिसकी उम्र 43 वर्ष थी उससे लंबे समय से विवाद चल रहा था. पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच झगड़े आम हो गए थे और आए दिन दोनों में कहा-सुनी होती थी. बताया गया कि 7 नवंबर को झगड़ा इतना बढ़ गया कि अगले दिन यानी 8 नवंबर की रात को मंगरीता ने अपने पति की हत्या कर दी.

कैसे हुआ खुलासा?

9 नवंबर की सुबह मंगरीता ने अपनी नवविवाहिता बेटी को फोन किया और कहा, 'तेरे बाप को मार दिया, लाश बैग में बंद कर दी.' यह सुनते ही बेटी ने घबराकर कोरबा से अपने पति और रिश्तेदारों को फोन किया और अगले दिन यानी 10 नवंबर को गांव पहुंची. घर पहुंचकर उसने देखा कि एक स्टील की ट्रॉली में कंबल में लिपटी उसके पिता की लाश रखी हुई है. बेटी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.

कैसे हुई थी मौत?

जशपुर के एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. शुरुआती रिपोर्ट में पता चला कि संतोष भगत की मौत नाक और मुंह से खून बहने से हुई, लेकिन वास्तविक कारण माथे पर तेज धार वाले हथियार से किया गया वार था. हत्या के बाद आरोपी महिला फरार हो गई. पुलिस ने मंगरीता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है.

जांच के दौरान क्या हुआ खुलासा?

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मंगरीता पहले मुंबई में नौकरी करती थी और कुछ महीने पहले ही गांव लौटी थी. पुलिस को शक है कि वह फिर से मुंबई भाग गई है. इसीलिए पुलिस की एक विशेष टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है. वहीं, गांव में इस हत्या से लोग सहमे हुए हैं और इस घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.