'मेरी शादी उससे कराओ...', प्यार की जिद में भोजपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा, टावर पर चढ़ी नाबालिक लड़की को पुलिस ने ऐसे उतारा
भोजपुर में एक नाबालिग लड़की 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर प्रेमी से शादी की जिद करने लगी. पुलिस की समझदारी से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
भोजपुर: 200 फुट ऊंचा टावर और चिलचिलाती धूप में नीचे खड़े सैकड़ों लोग, जिनकी सांसें थमी हुई थीं. यह किसी फिल्म की शूटिंग नहीं थी, बल्कि बिहार के भोजपुर में प्यार के जुनून का एक ऐसा नजारा था, जिसने पुलिस और प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए. एक नाबालिग लड़की टावर की बिल्कुल चोटी पर चढ़कर बैठ गई, जबकि नीचे जमा भीड़ बस यह तमाशा देखती रही.
इस पूरे दृश्य का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा गांव का है और यह घटना पिछले मंगलवार को हुई थी. दरअसल, यह पूरी घटना चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा गांव में घटी.
क्या है पूरा मामला?
यहां एक नाबालिग लड़की प्यार के जुनून में इतनी डूब गई कि उसने अपनी जान की परवाह भी नहीं की. वह लगभग 200 फुट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गई और घंटों तक वहीं बैठी रही, अपनी मांग पर अड़ी रही. उसकी एकमात्र शर्त थी, 'मेरी शादी मेरे प्रेमी से करवा दो.' गांव वालों ने उससे बार-बार मिन्नतें कीं लेकिन टावर पर बैठी लड़की टस से मस नहीं हुई.
कैसे उतरी नीचे?
खबर मिलते ही चांदी के थाना प्रभारी राकेश रोशन और महिला सब-इंस्पेक्टर मधु कुमारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. जब उसे समझाने-बुझाने का सिलसिला शुरू हुआ, तो महिला अधिकारी ने एक मनोवैज्ञानिक तरीका अपनाया. उन्होंने लड़की को भरोसा दिलाया कि उसे अपने प्रेमी से बात करने दिया जाएगा. लगभग आधे घंटे की लगातार कोशिश और प्यार का भरोसा दिलाने के बाद, आखिरकार लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
परिजनों ने क्या की कोशिश?
खबर है कि यह लड़की कुछ ही दिन पहले, यानी ठीक चार दिन पहले, घर से भाग गई थी और अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए सानड़िया गांव पहुंच गई थी. उसके परिवार वाले उसे वापस लाने में तो कामयाब हो गए थे, लेकिन प्यार की जिद ने उसे इस बार एक टावर की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचा दिया. फिलहाल, पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया है और उसके परिवार वालों को सौंप दिया है.