तीन साल में बिना तलाक तीन बार शादी रचाने वाले पर चला कानून का डंडा, जानें कितने गंभीर आरोप हैं लगे?

बिहार के गोपालगंज जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक व्यक्ति ने पत्नियों को तलाक दिए बिना तीन साल में तीन शादियां कर लीं. घरेलू हिंसा दहेज उत्पीड़न और धोखे के आरोपों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

X
Babli Rautela

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में एक व्यक्ति द्वारा लगातार शादियां करने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. आरोपी की पहचान पिंटू बर्नवाल के रूप में हुई है. उस पर आरोप है कि उसने तीन साल के भीतर तीन महिलाओं से शादी की और किसी भी पत्नी को तलाक नहीं दिया.

यह मामला तब उजागर हुआ जब आरोपी की पहली और दूसरी पत्नियों ने पुलिस और प्रशासन से लिखित शिकायत की. दोनों महिलाओं ने पिंटू बर्नवाल पर घरेलू हिंसा दहेज के लिए प्रताड़ना और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए. शिकायतों की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पैसों के लालच में शादी का आरोप

शिकायत करने वाली महिलाओं का आरोप है कि पिंटू बर्नवाल पैसों के लालच में बार बार शादियां करता था. शादी के बाद वह महिलाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता और फिर छोड़ देता था. महिलाओं का कहना है कि आरोपी और उसका परिवार शादी को कमाई का जरिया बना चुके थे.

गिरफ्तारी के बाद पिंटू बर्नवाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है. उसने दहेज मांगने और हिंसा करने की बात को झूठा बताया. हालांकि उसने यह जरूर स्वीकार किया कि उसने तीन महिलाओं से शादी की है. उसका दावा है कि हालातों ने उसे ऐसा करने पर मजबूर किया.

मां की देखभाल का दिया तर्क

पिंटू बर्नवाल ने कहा कि उसकी शादियां इसलिए नहीं चल पाईं क्योंकि उसकी पत्नियां उसकी बुजुर्ग मां की देखभाल करने से इनकार करती थीं. उसने दावा किया कि उसकी मां साठ साल की हैं और बीमार रहती हैं. उसके अनुसार पत्नियों ने खाना तक नहीं बनाया और उसे खुद मां के साथ सब कुछ संभालना पड़ा.

आरोपी ने अपनी पहली पत्नी खुशबू पर गंभीर आरोप भी लगाए. उसका कहना है कि खुशबू ने उसे और उसकी मां को जान से मारने की कोशिश की थी. उसने दावा किया कि गांव के लोग इस बात के गवाह हैं. इसके साथ ही उसने रेप के आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया.

पत्नियों ने खोली पूरी कहानी

आरोपों का जवाब देते हुए पहली पत्नी खुशबू कुमारी ने पिंटू के सभी दावों को खारिज कर दिया. उसने बताया कि उसकी शादी दो दिसंबर दो हजार बाईस को पिंटू से हुई थी. शादी के बाद उसके परिवार ने बार बार मांग करने पर तीन लाख रुपये गहने और घर का सामान दिया. खुशबू का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पिंटू ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. उसने कहा कि उसे टॉर्चर किया गया और बाद में घर से निकाल दिया गया. इसी दौरान उसे पता चला कि पिंटू ने बिना तलाक दिए दो और महिलाओं से शादी कर ली है.

दूसरी पत्नी गुड़िया कुमारी ने भी खुद को शादी के नाम पर ठगा हुआ बताया. उसका कहना है कि पिंटू ने उससे शादी की और फिर बिना बताए तीसरी महिला से विवाह कर लिया. इसके बाद उसे छोड़ दिया गया. गुड़िया के अनुसार आरोपी ने कई महिलाओं की जिंदगी बर्बाद कर दी है.