menu-icon
India Daily

मंदिर में दो युवतियों की अनोखी शादी ने सबको किया हैरान, गैस चूल्हे के फेरे लेकर पूजा ने भरी काजल की मांग; देखें वीडियो

बिहार के सुपौल जिले में दो युवतियों ने मंदिर में आपसी सहमति से शादी की. गैस चूल्हे के चारों ओर फेरे लेकर की गई इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मंदिर में दो युवतियों की अनोखी शादी ने सबको किया हैरान, गैस चूल्हे के फेरे लेकर पूजा ने भरी काजल की मांग; देखें वीडियो
Courtesy: @ChapraZila x account

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले से एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा पैदा कर दी है. त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र में दो युवतियों ने आपसी सहमति से मंदिर में विवाह किया है. इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग हैरान नजर आ रहे हैं. दोनों युवतियों ने कहा है कि उन्होंने भावनात्मक जुडाव के आधार पर साथ जीवन बिताने का फैसला लिया है.

यह मामला त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, पूजा गुप्ता और काजल कुमारी नाम की दो युवतियों ने मंगलवार देर रात त्रिवेणीगंज मेला ग्राउंड स्थित एक मंदिर में सादगी से शादी की. शादी के समय मंदिर परिसर में बहुत कम लोग मौजूद थे, इसलिए यह घटना तुरंत किसी की नजर में नहीं आई. बाद में जब वीडियो सामने आया तो मामला चर्चा में आ गया.

कैसी हुईं थी उनकी मुलाकात?

बताया गया है कि दोनों युवतियों की पहचान करीब दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और समय के साथ यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई. लंबे समय तक एक दूसरे को समझने के बाद दोनों ने साथ रहने और जीवन बिताने का निर्णय लिया. इसी फैसले के तहत उन्होंने मंदिर में शादी करने का कदम उठाया.

कौन बना दुल्हा और कौन बना दुल्हन?

शादी की रस्म के दौरान मंदिर में गैस चूल्हा जलाया गया और उसी के चारों ओर सात फेरे लिए गए. पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई और काजल कुमारी दुल्हन बनीं. पूजा ने काजल की मांग में काजल भरकर विवाह की रस्म पूरी की. दोनों का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह आपसी सहमति और भरोसे पर आधारित है.

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवतियां पिछले दो महीनों से वार्ड 18 में किराए के एक कमरे में साथ रह रही थीं. वे एक ही मॉल में काम करती हैं और रोजमर्रा की जिंदगी भी साथ ही बिताती हैं. शादी के बाद जब आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो मोहल्ले में हलचल मच गई. लोग सच्चाई जानने के लिए इकट्ठा होने लगे.

दोनों ने क्या बताई शादी की वजह?

इस बीच दोनों ने अपनी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया. इन नवविवाहित दोनों युवतियों की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज गोशाला चौक निवासी पूजा गुप्ता और शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा निवासी काजल कुमारी के रूप में हुई है. 

दोनों का कहना है कि उन्हें लड़कों में कोई रुचि नहीं है और वे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं. फिलहाल यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.