West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

मुजफ्फरपुर में पारिवारिक कलह के चलते पोते ने दादा को मारी गोली, आरोपी फरार

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पारिवारिक विवाद के कारण एक पोते ने अपने ही दादा को गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, गोली लगने से 70 वर्षीय शत्रुघ्न प्रसाद सिंह उर्फ टूटू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

x
Garima Singh

मुजफ्फरपुर, 29 जनवरी : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पारिवारिक विवाद के कारण एक पोते ने अपने ही दादा को गोली मार दी. पुलिस के अनुसार, गोली लगने से 70 वर्षीय शत्रुघ्न प्रसाद सिंह उर्फ टूटू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना बुधवार को अहियापुर थानाक्षेत्र के शहबाजपुर गांव में हुई.

इस मामले में नगर दो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनीता सिन्हा ने बताया कि झगड़े की जड़ पारिवारिक कलह है, जो लंबे समय से चल रही थी. घटना के दौरान झगड़ा बढ़ गया और करीब 25 वर्षीय आरोपी चुन्नू ने गुस्से में आकर अपने दादा पर गोली चला दी.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी चुन्नू मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.

गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे मौके पर

इस दिल दहला देने वाली वारदात को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही मौके पर शत्रुघ्न प्रसाद की पत्नी उषा देवी जोर-जोर से चिल्लाने लगीं, जिससे स्थानीय ग्रामीण सतर्क हो गए. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी.

घायल की हालत गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज

गोली लगने से शत्रुघ्न प्रसाद सिंह की स्थिति नाजुक बनी हुई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है.

परिजनों में डर और तनाव

इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह पारिवारिक विवाद आखिर किस कारण से इतना बढ़ गया कि पोते को इस हद तक जाना पड़ा.

पुलिस ने दिया आश्वासन

एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.