West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

गर्मी से बेहोश हो रहे बच्चे, पंखे झल रहे टीचर, बिहार के शेखपुरा की तस्वीरें डरा देंगी

Shekhpura School: बिहार के शेखपुरा के एक स्कूल के दर्जनों बच्चे भीषण गर्मी के कारण बेहोश हो गए. इन बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया है. बीमार पड़ने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ती भी जा रही है.

IANS
India Daily Live

देशभर में हीटवेव का कहर जारी है. भीषण गर्मी के चलते लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. इस बीच बिहार के शेखपुरा जिले से आ रही तस्वीरें हर किसी को डरा रही हैं. भीषण गर्मी के चलते बुधवार को एक स्कूल में बच्चे अचानक बेहोश होने लगे. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि छोटी-छोटी बच्चियों की तबीयत बिगड़ने के बाद स्कूल के टीचर कॉपी से उनको हवा कर रहे हैं. साथ के बच्चे एक-दूसरे को संभाल रहे हैं. अव्यवस्था का आलम यह था कि बीमार हुए बच्चों के लिए एंबुलेंस भी नहीं मिल सकी और कई बच्चों को अस्पताल भेजने के लिए दूसरी गाड़ियों का इस्तेमाल करना पड़ा.

रिपोर्ट के मुताबिक, शेखपुरा के उत्क्रमित मध्य विद्याल, मनकौल में कई दर्जन बच्चे बेहोश होकर गिर गए. कुछ बच्चों की हालत ज्यादा ही बिगड़ गई जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. बताया जा रहा है कि गर्मी इतनी ज्यादा थी कि बच्चों से बर्दाश्त नहीं हुआ. फिलहाल, यह संख्या बढ़ती जा रही है और अभी भी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. इस सबके बीच प्रशासन की ओर से लापरवाही भी सामने आ रही है.

बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में स्कूल में होने वाली प्रार्थना के दौरान ही कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. कुछ लड़कियां तो वहीं बेहोश होकर गिर भी गईं. अब इन बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं. कई परिजन खुद ही अपने बच्चों को ई-रिक्शा या अन्य साधनों से लेकर अस्पताल पहुंचे. अचानक इतने सारे बच्चों के बीमार पड़ जाने की वजह से चारों ओर अफरा-तफरी मच गई है.