Bihar Elections 2025: चिराग पासवान की पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, जानें किन पर खेला दांव?
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव इसी महीने होने हैं, उससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है. [LJP (R)] ने कुछ 14 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. [LJP (R)] के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि इनका चयन सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय जरूरतों के आधार पर किया गया है.
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) [LJP (R)] ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 14 विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई है. इस घोषणा के साथ ही चिराग पासवान ने यह संकेत दिया है कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में पूरी मजबूती के साथ एनडीए के घटक के रूप में मैदान में उतरने जा रही है.
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने नई दिल्ली में प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि उम्मीदवारों का चयन सामाजिक समीकरण, क्षेत्रीय जरूरतों और स्थानीय कार्यकर्ताओं की मेहनत को ध्यान में रखकर किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रत्याशी उस क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को उठाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.
इन उम्मीदवारों को मिला मौका
पहली सूची में कुल 14 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं. इनमें कई पुराने कार्यकर्ताओं के साथ कुछ नए चेहरों को भी टिकट दिया गया है. सीटवार सूची इस प्रकार है —
- गोविन्दगंज (पूर्वी चम्पारण): राजू तिवारी
- सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा): संजय कुमार सिंह
- दरौली (अनु.जाति, सिवान): विष्णु देव पासवान
- गरखा (अनु.जाति, सारण): सीमांत मृणाल
- साहेबपुर कमाल (बेगूसराय): सुरेंद्र कुमार
- बखरी (अनु.जाति, बेगूसराय): संजय कुमार
- परबत्ता (खगड़िया): बाबुलाल शौर्य
- नाथनगर (भागलपुर): मिथुन कुमार
- पालीगंज (पटना): सुनील कुमार
- ब्रह्मपुर (बक्सर): हुलास पांडे
- डेहरी (रोहतास): राजीव रंजन सिंह
- बलरामपुर (कटिहार): संगीता देवी
- मखदुमपुर (जहानाबाद): रानी कुमारी
- ओबरा (औरंगाबाद): प्रकाश चन्द्र
NDA में सीटों का कैसे हुआ बंटवारा
इस बार एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला पहले से तय कर लिया गया है. 243 विधानसभा सीटों में से जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी को 101-101 सीटें मिली हैं. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को 6-6 सीटें दी गई हैं. राज्य में दो चरणों में मतदान होना तय है. पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर 2025 को और दूसरे चरण की 11 नवंबर 2025 को होगी. सभी सीटों की मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी.
बिहार में मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा माना जा रहा है. जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार विकास और कल्याण योजनाओं के आधार पर चुनावी मैदान में है, वहीं तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को उठा रही है. इस बीच जनसुराज पार्टी तीसरा विकल्प बनने की कोशिश कर रही है.