पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की सरगर्मी चरम पर पहुंच चुकी है. ऐसे में पूर्वी चंपारण जिले की सुगौली विधानसभा सीट ने राजनीतिक हलचल मचा दी है. महागठबंधन ने यहां अप्रत्याशित कदम उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव की जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा कर दी है.
सुगौली सीट पर महागठबंधन की मूल योजना कुछ और थी. सीट बंटवारे के तहत यह विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के हिस्से में आई थी, जहां से पार्टी सुप्रीमो मुकेश साहनी ने राष्ट्रीय जनता दल के मौजूदा विधायक शशि भूषण सिंह को टिकट दिया था. लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान तकनीकी खामी के कारण शशि भूषण सिंह का नामांकन रद्द हो गया.
तेज प्रताप यादव की नवगठित जनशक्ति जनता दल ने सुगौली से अपने उम्मीदवार श्याम किशोर चौधरी को मैदान में उतार दिया. चौधरी जो केवट-खुलवाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, ब्लैक बोर्ड चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे हैं. वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने बताया कि यह समर्थन मुकेश साहनी के निर्देश पर और महागठबंधन के सभी घटक दलों आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआई(एमएल) के आपसी विचार-विमर्श के बाद लिया गया है.
उन्होंने कहा, यह कदम सुगौली क्षेत्र के विकास और जनकल्याण को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है. हम सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वे श्याम किशोर चौधरी को भारी बहुमत से जिताने के लिए एकजुट हों.
देव ज्योति ने यह भी बताया कि श्याम किशोर चौधरी को अब महागठबंधन का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त है. उन्होंने अपनी पार्टी के सभी पदाधिकारी हो कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पूरी एकजुटता के साथ श्याम किशोर चौधरी का साथ देने की अपील की. बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो फेज में होगा और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.