पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के जोरदार प्रचार अभियान जारी है. इस बीच बंगाल की खाड़ी से उठा मोंथा चक्रवाती तूफान शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और खराब मौसम लेकर आया, जिससे नेताओं के हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और अभिनेता-सिंगर पवन सिंह सहित कई दिग्गजों की कुल 23 चुनावी जनसभाएं रद्द करनी पड़ीं. कुछ नेताओं ने मोबाइल फोन के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, लेकिन सीएम नीतीश ने हेलीकॉप्टर छोड़ सड़क मार्ग अपनाकर अनोखा उदाहरण पेश किया.
मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद चुनावी सरगर्मी थमने का नाम नहीं ले रही, लेकिन तूफान ने प्रचार की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत उत्तरी बिहार के जिलों में भारी वर्षा और तेज हवाओं ने हवाई यात्रा को असंभव बना दिया. तेजस्वी यादव की कई सभाएं प्रभावित हुईं, जबकि नड्डा और मांझी के कार्यक्रम भी स्थगित हो गए. पवन सिंह, जो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं, की रैलियां भी बारिश की भेंट चढ़ गईं. कई स्थानों पर आयोजकों ने वीडियो कॉल या फोन के माध्यम से नेताओं के संदेश प्रसारित किए, ताकि कार्यकर्ताओं का मनोबल बना रहे.
समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में किया रोड शो
सीएम नीतीश समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी में चुनाव प्रचार करने जा रहे थे. हालांकि बारिश की वजह से जनसभाएं रद्द हो गईं. इसके बाद नीतीश कुमार ने रोड शो किया. इस दौरान भारी भीड़ उमड़ी. उनके साथ जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे. नीतीश ने समस्तीपुर जिले के मोरवां, उजियारपुर, विभूतिपुर, रोसड़ा और वारिसनगर, दरभंगा जिला के बेनीपुर, कुशेश्वरस्थान, अलीनगर, दरभंगा ग्रामीण, मधुबनी जिले के फुलपरास और लौकहा में रोड शो किया.
मौसम खराब होने के काऱण नेताओं को रोड़ से सभाओं के लिए जाना पड़ा. नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी सहित कई प्रमुख नेता हेलीकॉप्टर से प्रचार करने के लिए नहीं जा सके.