T20 World Cup 2026

लड़की के चक्कर में शख्स ने ली दोस्त की जान, शराब पिलाकर पत्थर से कुचला मुंह; जानें कैसे उठा खौफनाक साजिश से पर्दा

बेतिया पुलिस ने दीपक गुंजन पटेल हत्याकांड का खुलासा किया, जिसमें दोस्ती के नाम पर एक खौफनाक साजिश सामने आई. 12 जुलाई को बलथर थाना क्षेत्र में मिली लाश को पहले रेल हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच और मृतक की मां की शिकायत ने साबित किया कि यह हत्या थी, जो प्यार की जलन और प्रतिशोध में की गई थी.

Pinterest
Princy Sharma

Bihar Crime News: बेतिया पुलिस ने दीपक गुंजन पटेल हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. 12 जुलाई को बलथर थाना क्षेत्र में जो लाश मिली थी, उसे शुरुआत में रेल हादसा समझा गया था, लेकिन मृतक की मां की FIR और पुलिस की गहन जांच ने साबित कर दिया कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि दोस्ती के नाम पर रची गई एक भयानक साजिश थी.

इस जघन्य अपराध के पीछे की वजह प्यार की जलन है. मृतक दीपक का एक नाबालिग लड़की से प्रेम-संबंध था, जिससे आरोपी रोहित भी एकतरफा प्यार करता था. इसी जलन और प्रतिशोध की आग ने रोहित को अंधा बना दिया और उसने अपने दोस्त की जान लेने की खौफनाक साजिश रच डाली. इस साजिश में उसके दो साथी मुराद आलम और प्रदीप उर्फ साधू भी शामिल थे.

रेलवे ट्रैक पर पत्थर से कुचला

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने के लिए एक ठोस प्लान बनाया था. उन्होंने पहले दीपक को एक होटल में बुलाया और उसे खूब शराब पिलाई. जब दीपक नशे में धुत और लगभग बेहोशी की हालत में आ गया, तो वे उसे रेलवे ट्रैक की ओर ले गए. वहां, उन्होंने बेदर्दी की सारी हदें पार करते हुए पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद, लाश को जानबूझकर ढाला के पास फेंक दिया गया, ताकि यह मामला ट्रेन हादसे जैसा लगे और वे आसानी से पुलिस को गुमराह कर सकें.

तीन आरोपी सलाखों के पीछे

पुलिस की तकनीकी जांच (Technical Investigation) और सख्त तफ्तीश ने रोहित और उसके दो साथियों मुराद आलम और प्रदीप उर्फ साधू की सारी चालों को नाकाम कर दिया. नरकटियागंज के एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने इस खुलासे की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. हालांकि, इस दर्दनाक वारदात में शामिल एक और साथी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश तेजी से की जा रही है.