नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने हाल ही में बीएमडब्लूकी नई लग्जरी कार खरीदी है. आमतौर पर किसी क्रिकेटर द्वारा महंगी कार खरीदना कोई हैरानी की बात नहीं होती, लेकिन चहल के लिए यह खास मानी जा रही है. इसकी वजह उनकी जिंदगी में पिछले कुछ समय से चल रही निजी और पेशेवर चुनौतियां हैं. लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे चहल ने इस नए कदम को अपने माता-पिता के साथ मिलकर खास बनाया है.
युजवेंद्र चहल अपनी नई कार खरीदने माता-पिता के साथ शोरूम पहुंचे थे. कार घर लाने के बाद उन्होंने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर की. इसके साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी लिखा, जिसने फैंस का दिल जीत लिया. चहल ने लिखा कि वह अपनी नई कार उन दो लोगों के साथ घर लेकर आए हैं, जिन्होंने उनके हर सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि माता-पिता को इस उपलब्धि का हिस्सा बनते देखना ही उनके लिए असली लग्जरी है.
Brought my new car home with the two people who made every dream possible. Watching my parents witness and relish this milestone is the real luxury. ❤️🫂🧿 pic.twitter.com/UL1ZOvmH97
— Yuzvendra Chahal (@yuzi_chahal) December 22, 2025
चहल का लग्जरी कारों के प्रति शौक किसी से छिपा नहीं है. उनके पास पहले से ही कई महंगी और शानदार गाड़ियां मौजूद हैं. उनके कलेक्शन में पोर्शे, मर्सिडीज, रोल्स रॉयस और लैंबोर्गिनी जैसी लग्जरी कारें शामिल हैं. इन कारों की कीमत लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक बताई जाती है. अब बीएमडब्लू कार के जुड़ने से उनका कलेक्शन और भी खास हो गया है.
हालांकि, चहल के लिए यह समय पूरी तरह आसान नहीं रहा है. हाल ही में उनका निजी जीवन काफी चर्चा में रहा. उनका और धनश्री वर्मा का तलाक हो चुका है, जिसकी वजह से वह मानसिक रूप से भी कठिन दौर से गुजरे. इसके अलावा वह लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं, जिससे उनके करियर को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं.
स्वास्थ्य के लिहाज से भी चहल को हाल ही में परेशानी का सामना करना पड़ा था. उन्होंने खुद बताया था कि वह डेंगू और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हो गए थे. इसी कारण वह घरेलू क्रिकेट में भी लगातार नहीं खेल पाए. उन्होंने आखिरी बार 30 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा की ओर से गुजरात के खिलाफ मैच खेला था. उस मुकाबले में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा.
इसके बाद बीमारी की वजह से वह आगे के मैचों में हिस्सा नहीं ले सके. विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली, जो 24 दिसंबर से शुरू हो रही है. अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें, तो चहल अब तक भारत के लिए 72 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 121 विकेट लिए हैं. वहीं, 80 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम 96 विकेट दर्ज हैं. उन्होंने जनवरी 2023 के बाद वनडे और अगस्त 2023 के बाद टी-20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. हालांकि, आईपीएल में वह लगातार नजर आते रहे हैं और फिलहाल पंजाब किंग्स टीम का हिस्सा हैं.