IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

वर्ल्ड कप फाइनल में चमकेंगी एमपी की बेटी-बहू! क्रांति गौड़ और स्मृति मंधाना की कहानी सुन होगा गर्व

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला नवी मुंबई में खेला जाना है. इस मुकाबले में एमपी की बेटी और होने वाली बहू पर सभी नजरें रहने वाली हैं.

@ImTanujSingh (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: भारत की बेटियां एक बार फिर इतिहास लिखने जा रही हैं. महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में टीम इंडिया ने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री ली है. अब 2 नवंबर, रविवार को भारत का मुकाबला साउथ अफ्रीका से होगा. 

हालांकि, इस जीत का एक खास 'एमपी कनेक्शन' भी है क्योंकि टीम इंडिया की दो स्टार खिलाड़ी, क्रांति गौड़ और स्मृति मंधाना का नाता मध्यप्रदेश से है. एक मध्यप्रदेश की बेटी है तो दूसरी होने वाली बहू, इन दोनों के लिए दुआआों का दौर जारी है. हर किसी की नजर इन दोनों ही प्लेयर्स पर है.

छतरपुर की बेटी क्रांति गौड़ का वर्ल्ड कप तक का सफर

छतरपुर जिले के छोटे से कस्बे घुवारा की क्रांति गौड़ आज पूरे देश की शान बन चुकी हैं. 22 साल की लड़की जिसने कभी लड़कों के साथ टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलनी शुरू किया था, वो आज टीम इंडिया की स्पीड क्वीन बन चुकी है. 

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ क्रांति ने 10 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 3 विकेट झटके और तीन मेडन ओवर फेंके. उनकी इकॉनमी 2.00 की रही और इसी प्रदर्शन के दम पर वो बनीं प्लेयर ऑफ द मैच बनी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्होंने कंगारु कप्तान एलिसा हेली को बोल्ड कर भारत की जीत की नींव रखी.

21 साल की उम्र में झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड तोड़ा

क्रांति ने 22 जुलाई 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ 52 रन देकर 6 विकेट लेकर भारत को जीत दिलाई थी. वह सिर्फ 21 साल 345 दिन की थीं.. और इतनी कम उम्र में पांच विकेट लेने वाली भारत की सबसे युवा गेंदबाज बन गईं. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उनका सम्मान करते हुए कहा था, 'मैं अपना अवॉर्ड क्रांति के साथ शेयर करना चाहती हूं क्योंकि ऐसी तेज गेंदबाज टीम इंडिया के लिए वरदान हैं.'

संघर्ष से सफलता तक क्रांति गौड़

क्रांति का बचपन संघर्षों से भरा रहा. पिता पुलिस विभाग में सस्पेंड थे. घर की आर्थिक स्थिति खराब थी. ऐसे में जब टूर्नामेंट खेलने पैसे नहीं थे, तो मां ने अपने गहने बेच दिए ताकि क्रांति का सपना जिंदा रह सके.

उनके कोच राजीव बिल्थरे कहते हैं, 2017 में जब उनके पिता उन्हें मेरे पास लाए, तब मैंने देखा कि ये लड़की लड़कों से भी बेहतर बॉल डालती है. उसी दिन समझ गया था कि ये बच्ची दूर तक जाएगी.' आज वही क्रांति मध्यप्रदेश की पहचान बन चुकी हैं.

स्मृति मंधाना का इंदौर कनेक्शन

भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना इस वर्ल्ड कप में अपने करियर के बेहतरीन फॉर्म में हैं. उन्होंने इस वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं और भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. 

वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के बाद शादी

फाइनल के बाद स्मृति की लाइफ का दूसरा बड़ा इवेंट भी यानी उनकी शादी भी तय है. स्मृति जल्द ही इंदौर की बहू बनने जा रही हैं. वो म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल से शादी करने जा रही हैं, जो मशहूर सिंगर पलक मुच्छल के भाई हैं. दोनों इसी नवंबर में शादी करेंगे, जिसके समारोह 20 नवंबर से स्मृति के होमटाउन सांगली में शुरू होंगे. 

शादी के बाद स्मृति इंदौर की बहू बन जाएंगी. उनके होने वाली ननद पलक मुच्छल कहती हैं, 'स्मृति सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी नहीं बल्कि एक अद्भुत इंसान हैं. वो अब सिर्फ हमारी भाभी नहीं, परिवार का दिल हैं.'

एमपी की गर्व हैं क्रांति गौड़ और स्मृति मंधाना

एक ओर छतरपुर की क्रांति गौड़ भारत को ट्रॉफी दिलाने के लिए गेंदबाजी में जान लगा रही हैं, तो दूसरी ओर स्मृति मंधाना अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल वर्ल्ड कप फाइनल और शादी की तैयारी में हैं. मध्य प्रदेश के लोग इन दोनों बेटियों पर गर्व कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर #MPKiBeti और #SmritiMandhanaWedding ट्रेंड कर रहे हैं. लोगों को गर्व है कि दोनों बेटियों का मध्यप्रदेश से नाता है.