menu-icon
India Daily

जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को वनडे टीम में क्यों नहीं मिला मौका? जानें क्या है कारण

Jasprit Bumrah-Ravindra Jadeja: ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम इंडिया में जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को जगह नहीं मिली है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इन दोनों को आखिर टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया है.

mishra
जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को वनडे टीम में क्यों नहीं मिला मौका? जानें क्या है कारण
Courtesy: @BCCI

Jasprit Bumrah-Ravindra Jadeja: भारतीय क्रिकेट टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान किया. इस घोषणा में कई बड़े अपडेट्स सामने आए, जैसे रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी और शुभमन गिल को नया वनडे कप्तान बनाया जाना. लेकिन दो बड़े खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा की गैरमौजूदगी ने फैंस का ध्यान खींचा. 

जसप्रीत बुमराह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सबसे बड़े हथियार हैं लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रखा गया है. यह फैसला कई फैंस के लिए हैरान करने वाला था क्योंकि बुमराह ने हमेशा अपनी शानदार गेंदबाजी से टीम को मजबूती दी है. हालांकि, चयन समिति ने उनके वर्कलोड को मैनेज करने के लिए यह कदम उठाया है. बुमराह हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेल रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया में होने वाली टी20 सीरीज का भी हिस्सा होंगे. अगले साल टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए, टीम प्रबंधन ने उनकी फिटनेस को प्राथमिकता दी है. 

रविंद्र जडेजा की अनदेखी क्यों?

रविंद्र जडेजा, जो अपनी ऑलराउंड क्षमताओं के लिए जाने जाते हैं, को भी इस वनडे सीरीज में जगह नहीं मिली. जडेजा ने हाल के वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत में उनकी अहम भूमिका रही थी. उनकी गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए लेकिन चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी वजह स्पष्ट की.

अजीत अगरकर ने जडेजा को लेकर दिया बयान

अगरकर ने बताया कि यह फैसला रणनीतिक है और जडेजा की काबिलियत पर कोई सवाल नहीं है. तीन मैचों की इस छोटी सीरीज में टीम संतुलन को प्राथमिकता दी गई है. कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर के रूप में दो स्पिनर पहले ही टीम में हैं और ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों को देखते हुए तीन स्पिनरों को शामिल करना संभव नहीं था. 

अगरकर ने कहा, "जडेजा हमारी योजनाओं का हिस्सा हैं. उनकी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग टीम के लिए बेहद कीमती है. लेकिन इस छोटी सीरीज में सभी को शामिल नहीं किया जा सकता."