T20 World Cup 2026

भारत को U19 वर्ल्ड कप जिताने वाले वैभव सूर्यवंशी नहीं देंगे 10 के बोर्ड एग्जाम, जानें क्या है इसके पीछे की वजह?

भारत के 14 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इस साल क्लास 10 की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे. लगातार ट्रेनिंग और टूर्नामेंट के व्यस्त कार्यक्रम के कारण उन्होंने यह फैसला लिया है.

X (@KaramD_2)
Babli Rautela

नई दिल्ली: भारत के उभरते क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी इस साल क्लास 10 की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे. 14 साल के  इस बल्लेबाज ने हाल ही में अंडर 19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं. अब व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम के कारण उन्होंने पढ़ाई से अस्थायी दूरी बनाने का निर्णय लिया है. वैभव बिहार के ताजपुर के रहने वाले हैं और मोडेस्टी स्कूल ताजपुर में पढ़ाई कर रहे हैं. उन्हें 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच होने वाली CBSE की परीक्षा में बैठना था. परीक्षा फॉर्म भरा जा चुका था और एडमिट कार्ड भी जारी हो गया था. उनका परीक्षा केंद्र पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल तय किया गया था.

सूत्रों के मुताबिक लगातार क्रिकेट कैंप, राष्ट्रीय टीम के कार्यक्रम और अलग अलग टूर्नामेंट के कारण वैभव को घर और स्कूल से दूर रहना पड़ा. ऐसे में बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर असर पड़ा. स्कूल प्रबंधन ने भी पुष्टि की कि परिवार के साथ चर्चा के बाद यह तय किया गया कि वह इस साल परीक्षा नहीं देंगे.

अंडर 19 वर्ल्ड कप में चमका नाम

हाल ही में खेले गए अंडर 19 वर्ल्ड कप में वैभव ने शानदार बल्लेबाजी की. सात मैचों में उन्होंने 62.71 की औसत और 169.49 के स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए. वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्द्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रहा.

उन्होंने प्रतियोगिता में 30 छक्के लगाए, जो इस स्तर पर एक नया कीर्तिमान है. इससे पहले 2022 संस्करण में दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने 18 छक्के लगाए थे. वैभव अब अंडर 19 विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं.

अंडर 19 वनडे में भी रिकॉर्ड

अंडर 19 वनडे प्रारूप में भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है. 25 पारियों में उन्होंने 56.48 की औसत से 1412 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 165 से अधिक रहा है. इस दौरान चार शतक और सात अर्द्धशतक उनके नाम दर्ज हैं. वैभव अब राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे. इतनी कम उम्र में उनका यह सफर कई युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गया है.

फिलहाल उनका ध्यान पूरी तरह क्रिकेट पर केंद्रित है. माना जा रहा है कि वह अगले सत्र में बोर्ड परीक्षा दे सकते हैं. खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन वैभव के लिए यह निर्णय उनके करियर की प्राथमिकताओं को दर्शाता है.