Shubman Gill: भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए दुबई में अभ्यास कर रही है. इससे पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को खुशखबरी मिली है. दरअसल, उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया है और वे दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी बन गए हैं. शुभमन गिल अब आजम को पीछे छोड़ते हुए वनडे क्रिकेट के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं.
गिल ने वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और इसी वजह से उन्हें इनाम मिला है. शुभमन अब आईसीसी के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं. बता दें कि इससे पहले भी वे ये कारनामा कर चुके हैं. हालांकि, इस बार इस खिलाड़ी को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले नंबर वन बनने का मौका मिला है, जो उनके आत्मविश्वास के लिए अच्छा है.
गिल इससे पहले दूसरे नंबर पर कायम थे लेकिन आईसीसी की ताजा रैंकिंग में वे पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. गिल के मौजूदा समय में 796 रेंटिंग अंक हैं और इसी के साथ वे पहले नंबर पर मौजूद हैं. तो वहीं अब बाबर दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं और उनके मौजूदा समय में 773 रेटिंग अंक हैं. इन दोनों के अलावा तीसरे स्थान पर भारत के कप्तान रोहित शर्मा का नाम आता है.
रोहित के मौजूदा समय में 761 रेटिंग अंक हैं और वे इससे पहले भी तीसरे नंबर पर ही कायम थे. तो वहीं भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी इस रैंकिंग में शामिल हैं और वे 727 रेटिंग अंकों के साथ छठे स्थान पर काबिज हैं.
हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज में गिल ने शानदार खेल दिखाया था. उन्होंने तीनों मुकाबलों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 86 की औसत के साथ 259 रन बनाए थे. इस दैरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकला था. ऐसे में गिल से अब टीम इंडिया को इसी तरह के प्रदर्शन की चैंपियंस ट्रॉफी में उम्मीद होगी.