Shreyas Iyer: भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने अपनी मां के साथ मिलकर मुंबई के वर्ली इलाके में 525 वर्ग फीट का एक अपार्टमेंट खरीदा है, जिसकी कीमत 2.90 करोड़ रुपये बताई जा रही है. जैपकी (Zapkey) को मिले संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों से इसका खुलासा हुआ है. अपार्टमेंट का रजिस्ट्रेशन 19 सितंबर को हुआ था.
जानकारी के अनुसार, श्रेयस अय्यर का नया अपार्टमेंट वर्ली के आदर्श नगर में त्रिवेणी इंडस्ट्रियल सीएचएसएल के दूसरे फ्लोर पर है. जिसका माप 525 स्क्वायर फीट है और इसे 55,238 रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर से खरीदा गया है. इस प्रॉपर्टी के लिए 19 सितंबर को 17.40 लाख रुपये की स्टैम्प ड्यूटी और 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर दिए गए हैं.
पहले भी की है रियल एस्टेट में निवेश
यह पहली बार नहीं है जब श्रेयस अय्यर ने रियल एस्टेट में निवेश किया है. उन्होंने पहले भी मुंबई की लोढ़ा वर्ल्ड टावर में 2,380 स्क्वायर फीट का एक घर खरीदा है, जो 48वें फ्लोर पर स्थित है. इस अपार्टमेंट में 3 कार पार्किंग की सुविधा भी है. जुलाई 2024 में अय्यर ने मुंबई में कमर्शियल प्रॉपर्टी भी खरीदी थी.
ईरानी कप में खेलेंगे श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर जल्द ही एक्शन में होंगे. वो 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले ईरानी कप के मुंबई बनाम रेस्ट ऑफ इंडिया मैच में मुंबई के लिए खेलते दिखेंगे. अय्यर ने आखिरी बार जनवरी 2024 में भारतीय टीम के लिए खेला था. अब वह नियमित रूप से डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहे हैं और भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.