जयपुर: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से पहले विजय हजारे ट्रॉफी जारी है, जिसमें दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी अपनी-अपनी टीमों के लिए खेल रहे हैं. बुधवार को रोहित शर्मा ने मुंबई की तरफ से खेलते हुए शतक बनाया, जबकि विराट कोहली ने दिल्ली के लिए शानदार शतकीय पारी खेली. दोनों ही खिलाड़ियों ने अपनी टीमों को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
सिक्किम के खिलाफ रोहित शर्मा ने तूफानी शतक लगाया. इस दौरान उन्होंने 18 चौके और 9 छक्के लगाए. मुंबई ने 237 रनों के लक्ष्य को 30.3 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया. मैच के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रोहित शर्मा ने विराट कोहली की जर्सी(18 नंबर) पहनने वाले छोटे फैन को गले लगाया. बच्चा रोहित के पैर छूना चाहता था, लेकिन रोहित ने उसे गले लगाकर प्यार जताया. रोहित के इस वीडियो ने फैंस का दिल जीत लिया.
Rohit Sharma hugged a cute little Virat Kohli fan at SMS stadium, Jaipur. ❤ pic.twitter.com/WHs5HMGiOT
— Rohit Sharma Fan (@hitmanfanfollow) December 25, 2025
वहीं, विराट कोहली ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए अपनी 330वीं लिस्ट ए पारी में सबसे तेज 16 हजार रन पूरे कर लिए और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. कोहली ने पहले 2009-10 में विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लिया था, जबकि रोहित ने 2017-18 में यह टूर्नामेंट खेला था.
रोहित ने बुधवार को 38 वर्ष और 238 दिन की उम्र में शतक लगाया और इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बन गए. विजय हजारे ट्रॉफी में शतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बंगाल के अनुस्तुप मजूमदार हैं, जिन्होंने 39 वर्ष की उम्र में 2023-24 सीजन में दो शतक बनाए थे. रोहित और कोहली दोनों ने घरेलू क्रिकेट में अपने अनुभव और दमखम का प्रदर्शन करते हुए युवा खिलाड़ियों के लिए उदाहरण पेश किया. उनके प्रदर्शन और फैंस के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया.
विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना रोहित शर्मा के लिए काफी अहम है, क्योंकि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज की तैयारी कर रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होने वाली है. बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को निर्देश दिया है कि वे विजय हजारे ट्रॉफी के कम से कम दो मैच जरूर खेलें, ताकि उन्हें मैच प्रैक्टिस का मौका मिल सके.