रोहित शर्मा ने मुंबई के साथी खिलाड़ी धवल कुलकर्णी को दिया खास गिफ्ट! हिटमैन का दिल जीत लेने वाला वीडियो हुआ वायरल
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे थे. ऐसे में इस दौरान उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी धवल कुलकर्णी को खास गिफ्ट दिया है.
नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर बड़े-बड़े शॉट मारने वाले रोहित शर्मा का एक छोटा सा इशारा फैंस का दिल जीत रहा है. विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की टीम के साथ जयपुर आए रोहित ने अपने पुराने साथी धवल कुलकर्णी को एक खास तोहफा दिया.
यह पल इतना प्यारा था कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. बता दें कि रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में ब्रेक के कारण विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे थे.
पुराने साथियों की मुलाकात का दिल छूने वाला पल
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई की टीम सिक्किम और उत्तराखंड के खिलाफ मैच खेल रही थी. इसी दौरान टनल में रोहित शर्मा और धवल कुलकर्णी की मुलाकात हुई. दोनों लंबे समय से मुंबई, मुंबई इंडियंस और भारत के लिए साथ खेल चुके हैं.
धवल ने रोहित से अपने बैटिंग ग्लव्स पर ऑटोग्राफ मांगा. हिटमैन ने बिना देर किए मुस्कुराते हुए साइन कर दिया. यह साधारण सा जेस्चर पुरानी दोस्ती की याद दिलाता है. एक फैन ने इस पल को कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. अब लाखों लोग इस वीडियो को देखकर रोहित की सादगी की तारीफ कर रहे हैं.
यहां पर देखें वीडियो-
मैदान पर रोहित का धमाका
रोहित शर्मा सिर्फ ऑफ फील्ड ही नहीं मैदान पर भी छाए रहे. सिक्किम के खिलाफ मैच में उन्होंने सिर्फ 94 गेंदों पर 155 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से बड़े-बड़े शॉट निकले और स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक झूम उठे. मुंबई ने यह मैच आसानी से जीत लिया.
गोल्डन डक पर भी हुए ऑउट
हालांकि अगले मैच में उत्तराखंड के खिलाफ रोहित को पहली ही गेंद पर आउट होना पड़ा. वे गोल्डन डक पर आउट हो गए. लेकिन इससे फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ. जयपुर में रोहित को देखने के लिए लोग एयरपोर्ट से लेकर स्टेडियम तक उमड़ पड़े. सुबह से ही दर्शक रोहित का इंतजार करने लगे.
अब नजर इंटरनेशनल क्रिकेट पर
विजय हजारे ट्रॉफी में अपना काम पूरा करने के बाद रोहित शर्मा अब घर लौट चुके हैं. उनकी नजर अब न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज पर है. यह सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी. दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज रोहित फिर से भारतीय टीम की कमान संभालेंगे.