menu-icon
India Daily

ऋषभ पंत का वनडे टीम से कटेगा पत्ता! जगह खाने को तैयार ये खिलाड़ी

भारतीय टीम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलने वाली है. इस सीरीज में ऋषभ पंत की जगह पर खतरा मंडरा रहा है और उन्हें वनडे टीम से बाहर किया जा सकता है.

mishra
ऋषभ पंत का वनडे टीम से कटेगा पत्ता! जगह खाने को तैयार ये खिलाड़ी
Courtesy: X

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव आने वाला है. न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए टीम चुनते समय विकेटकीपर बल्लेबाज की जगह पर बड़ा फैसला हो सकता है. 

खबरों के अनुसार ऋषभ पंत को इस सीरीज के लिए टीम से बाहर किया जा सकता है, जबकि ईशान किशन उनकी जगह ले सकते हैं. बता दें कि किशन पिछले कुछ समय से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं.

न्यूजीलैंड सीरीज का महत्व

2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आएगी. तीन वनडे मैच 11 जनवरी से 18 जनवरी तक खेले जाएंगे. ये मैच वडोदरा, राजकोट और इंदौर में होंगे. टीम इंडिया के लिए ये सीरीज महत्वपूर्ण है क्योंकि अब हर खिलाड़ी को घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके अपनी जगह पक्की करनी होगी. 

चयनकर्ता अब फॉर्म और भूमिका को देखकर फैसले ले रहे हैं. शुभमन गिल इस सीरीज में कप्तानी करेंगे. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में केएल राहुल ने कप्तानी की थी और टीम ने 2-1 से जीत हासिल की थी. अब गिल की वापसी के साथ टीम में स्थिरता लाने की कोशिश होगी.

ऋषभ पंत क्यों हो सकते हैं बाहर?

ऋषभ पंत लंबे समय से वनडे टीम में हैं लेकिन उनका प्रदर्शन लगातार नहीं रहा है. उनका आखिरी वनडे मैच अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ था. उसके बाद दक्षिण अफ्रीका सीरीज में वो टीम में थे लेकिन एक भी मैच नहीं खेल सके.

वर्तमान में वो दिल्ली टीम की कप्तानी कर रहे हैं विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में. शुरुआती मैचों में उनके स्कोर ठीक-ठाक रहे, जैसे एक मैच में 70 रन और दूसरे में कम स्कोर. मिडिल ऑर्डर में विकेटकीपर से स्थिरता की उम्मीद होती है लेकिन पंत का फॉर्म चयनकर्ताओं को पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर रहा.

ईशान किशन की धमाकेदार वापसी

दूसरी तरफ ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं. उनका आखिरी वनडे 2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ था. उसके बाद दो साल से ज्यादा समय हो गया. लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने कमाल कर दिया है.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने. झारखंड को पहली बार खिताब जिताने में बड़ी भूमिका निभाई और फाइनल में हरियाणा के खिलाफ शतक ठोका. फिर विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़ दिया, जो भारतीयों की लिस्ट ए में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी है.