IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

राहुल द्रविड़ ने रविचंद्रन अश्विन को लगाई कड़ी फटकार, ऑस्ट्रेलियाई टीम की मदद करने का लगाया आरोप

Rahul Dravid: भारतीय टीम के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ हाल ही में रविचंद्रन अश्विन के साथ बातचीत करते हुए नजर आए. इस दौरान उन्होंने अश्विन पर तंज कसते हुए 2023 का एक किस्सा याद किया.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Rahul Dravid: पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ और दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में 2023 के बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के एक रोचक वाकये को याद किया. इस दौरान द्रविड़ ने मजाक में अश्विन पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को स्पिन खेलने की कोचिंग देने का आरोप लगाया. यह वाकया अश्विन के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक तमिल भाषा के वीडियो से जुड़ा है, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था. 

2023 के बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के दूसरे टेस्ट में हारने के बाद अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था. इस वीडियो में उन्होंने बताया था कि भारत में स्पिन गेंदबाजी को कैसे खेला जा सकता है. यह वीडियो प्रशंसकों के लिए जानकारी देने के उद्देश्य से बनाया गया था लेकिन कुछ फैंस और क्रिकेट प्रेमियों ने इसे गलत समझा. 

राहुल द्रविड़ ने लगाई मजाक में फटकार

‘कुट्टी स्टोरीज विद ऐश’ के ताजा एपिसोड में राहुल द्रविड़ ने इस वाकये का जिक्र करते हुए अश्विन को मजाक में खरी-खोटी सुनाई. द्रविड़ ने हंसते हुए कहा, “तुमने तो ऑस्ट्रेलियाई टीम को कोचिंग दी थी. मुझे भी वो वीडियो भेजा गया था. बदकिस्मती से वो तमिल में था और मुझे तमिल थोड़ी-बहुत ही समझ आती है. फिर भी मैंने देखा कि तुम ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बीच में उन्हें स्पिन खेलने की सलाह दे रहे थे. मैं सोच रहा था, अश्विन, अभी तो सीरीज खत्म भी नहीं हुई है!” 

अश्विन ने दी सफाई

अश्विन ने तुरंत सफाई देते हुए कहा, “अगर मुझे पता होता कि स्पिन कैसे खेलना है, तो मैं पहले अपनी टीम के खिलाड़ियों को बता देता. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को क्यों सिखाने जाऊं?”

अश्विन की इस बात पर द्रविड़ ने हंसते हुए कहा कि वह मजाक कर रहे थे. लेकिन द्रविड़ ने यह भी बताया कि उस वीडियो के बाद उन्हें भी सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. लोग कहने लगे कि अश्विन तो उनसे बेहतर कोचिंग दे रहे हैं. द्रविड़ ने मजाक में कहा, “मुझे तो यह सुनना पड़ा कि अश्विन तुमसे अच्छी कोचिंग दे रहा है, तुम कर क्या रहे हो?”