वैभव सूर्यवंशी देखते रह गए और ये खिलाड़ी बन गया 'सिक्सर किंग', श्रीलंका के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रचा इतिहास

श्रीलंका में चल रही वनडे ट्राई सीरीज में सूर्यांश शेडगे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बनकर उभरे हैं.

X
Ashutosh Rai

वनडे ट्राई सीरीज में भारतीय युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. जहां फैंस की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर थीं, वहीं सूर्यांश शेडगे ने अपने दमदार खेल से सबको चौंका दिया. उन्होंने सबसे ज्यादा छक्के लगाकर टूर्नामेंट में नई पहचान बनाई है और चर्चा का केंद्र बन गए हैं.

सूर्यांश शेडगे बने ट्राई सीरीज के नए सिक्सर किंग

इंडिया-ए के युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने इस ट्राई सीरीज में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है. चार मैचों में उन्होंने 145 रन बनाए और इस दौरान छह बड़े छक्के लगाए. खास बात यह रही कि उन्होंने जितने चौके लगाए, उतने ही छक्के भी जड़े. 125 के स्ट्राइक रेट के साथ खेलते हुए शेडगे ने दिखाया कि वह सिर्फ रन बनाने ही नहीं, बल्कि मैच का रुख बदलने की क्षमता भी रखते हैं. इसी प्रदर्शन के दम पर वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

भारतीय बल्लेबाजों का दिखा पूरा दबदबा

छक्कों की सूची में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने चार मैचों में 234 रन बनाते हुए तीन छक्के लगाए. वहीं प्रियांश आर्या ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया और तीन मुकाबलों में तीन छक्के जड़े. दूसरी तरफ श्रीलंका-ए के अविष्का फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 285 रन बनाए और चार छक्के लगाए. उन्होंने दो शतक भी जड़े और अपनी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए.

छक्कों में पीछे छूटे वैभव

बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में सबसे तेज बल्लेबाजी की है. उन्होंने केवल 76 गेंदों में 117 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 153.94 रहा. वैभव ने 19 चौके लगाए और गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. हालांकि लंबे छक्कों के मामले में वह अभी पीछे हैं. उनके नाम सिर्फ तीन छक्के दर्ज हैं, जिसके कारण वह सिक्सर किंग की सूची में छठे स्थान पर हैं.