PBKS की पांचवीं हार ने बिगाड़ा प्लेऑफ समीकरण! CSK-RR के पास बड़ा अवसर
पंजाब किंग्स को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा, जिसने उनकी प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है. धर्मशाला में खेले गए मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के मुकाबले में एमआई ने बाजी मारते हुए मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया.
नई दिल्ली: IPL 2026 का प्लेऑफ मुकाबला अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. हर मैच के साथ अंक तालिका बदल रही है और किसी भी टीम के लिए राह आसान नहीं बची. इसी बीच पंजाब किंग्स को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा, जिसने उनकी प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है. धर्मशाला में खेले गए मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के मुकाबले में एमआई ने बाजी मारते हुए मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. पंजाब किंग्स को यह हार बहुत चुभेगी क्योंकि इस हार के बाद अब उनकी प्लेऑफ की राह और मुश्किल हो गई है.
इस हार के बाद पंजाब किंग्स 12 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है. पंजाब की यह हार केवल पंजाब को ही नुकसान नहीं पहुंचा रही है बल्कि ये चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ में क्वालीफाई करने का एक अवसर है, जोकि अंक तालिका में PBKS के ठीक नीचे क्रमशः पांचवें और छठवें पायदान पर है.
पंजाब के लिए मुश्किल हुआ समीकरण
सीजन की शानदार शुरुआत के बाद पंजाब की लगातार हारों ने टीम को मुश्किल परिस्थिति में पहुंचा दिया है. अब उनके लिए बचे हुए दोनों मैच जीतना जरूरी हो गया है. हालांकि, सिर्फ जीत ही काफी नहीं होगी, क्योंकि अब अन्य टीमों के परिणाम भी उनकी किस्मत तय करेंगे.
प्लेऑफ की रेस में बढ़ी टक्कर
मुंबई इंडियंस से कल का मैच हारने के बाद अब अंक तालिका के समीकरण और भी दिलचस्प हो गए हैं, पंजाब कि इस हार ने बाकि टीमों के लिए भी प्लेऑफ के रास्ते खोल दिए हैं. बता दें कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स अभी भी इस दौड़ में बनी हुई है हालांकि दोनों टीमों की क्वालीफिकेशन राह थोड़ी मुश्किल है लेकिन नामुमकिन नहीं है. ऐसे में अंक तालिका में हर मुकाबला बेहद अहम बन गया है और नेट रन रेट की भूमिका भी निर्णायक हो सकती है.
CSK-RR को मिला मौका
चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स मौजूदा समय में 12-12 अंकों के साथ अंक तालिका में PBKS से ठीक नीचे हैं. तो अगर पंजाब आगे एक भी मैच हारती या नहीं भी हारती है तो टीम का प्लेऑफ में प्रवेश करना नेट रनरेट पर निर्भर करेगा. वहीं CSK और RR आने वाले मैच में जीत दर्ज कर प्लेऑफ में प्रबल दावेदारी पेश कर सकती है.
बता दें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स 16-16 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है.