IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

वनडे सीरीज के बीच मुश्किल में न्यूजीलैंड की टीम, स्टार बल्लेबाज पूरी सीरीज से हुआ बाहर

न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है. इस मुकाबले में कीवी टीम को बड़ा झटका लगा है और स्टार बल्लेबाज पूरी सीरीज से बाहर हो गया है.

@BLACKCAPS (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज में तगड़ा झटका लगा है. टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज डेरिल मिचेल पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. ग्रोइन (जांघ की मांसपेशी) में चोट लगने की वजह से वे बाकी के दोनों मुकाबले नहीं खेल पाएंगे.

पहला वनडे क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को रोमांचक तरीके से 7 रन से हराया. इसी मैच में डेरिल मिचेल ने अपने वनडे करियर का सातवां शतक जड़ा और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने. हालांकि, अब दूसरे मुकाबले में खेलने पर संदेह है.

डेरिल मिचेल की ग्रोइन इंजरी का खुलासा

मैच खत्म होने के बाद मिचेल टीम के साथ अगले मैच के लिए नैपियर नहीं गए. क्राइस्टचर्च में ही उनका स्कैन कराया गया. रिपोर्ट में हल्की ग्रोइन इंजरी निकली और डॉक्टरों ने कम से कम दो हफ्ते आराम की सलाह दी. इसी वजह से अब वे 19 और 22 नवंबर को होने वाले दूसरे और तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं.

टेस्ट सीरीज के लिए अच्छी खबर

चोट गंभीर नहीं है, इसलिए न्यूजीलैंड के लिए एक राहत की बात यह है कि डेरिल मिचेल 2 दिसंबर से शुरू हो रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगे. टीम को उनके अनुभव की सख्त जरूरत होगी, क्योंकि टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है.

कोच ने जताई निराशा निकोल्स को मौका

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, “डेरिल इस समय शानदार फॉर्म में थे. इस गर्मियों में वनडे में उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. उनके बाहर होने से टीम को नुकसान जरूर होगा, लेकिन खुशी की बात है कि चोट छोटी है और टेस्ट सीरीज में वे वापस आएंगे.”

कवर के तौर पर पहले से ही हेनरी निकोल्स को टीम में शामिल किया गया था. अब वे बाकी दोनों वनडे में खेल सकते हैं. निकोल्स घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं इसलिए टीम को उनसे उम्मीद होगी.

न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम

डेवन कॉनवे, रचिन रविंद्र, विल यंग, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जकरी फॉल्क्स, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी, नैथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और मार्क चैपमैन.