KL Rahul का 2.O तूफानी अवतार! 185+ स्ट्राइक रेट से बनाए 75 रन, आलोचकों का किया मुंह बंद

RR के खिलाफ जीत का सबसे ज्यादा श्रेय टीम के सलामी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को जाता है. उन्होंने आरआर के खिलाफ खेलते हुए 75 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी शानदार था. 

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: IPL में बीती शाम दिल्ली कैपिटल्स के लिए खास रही क्योंकि 75 रनों से मिली हार के बाद टीम ने वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की. इस जीत का सबसे ज्यादा श्रेय टीम के सलामी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को जाता है. उन्होंने आरआर के खिलाफ खेलते हुए 75 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी शानदार था. 

लेकिन पिछले कई सालों से अपने स्ट्राइक रेट के कारण ही केएल राहुल को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था. 2018 से, आईपीएल 2023 को छोड़कर, उन्होंने हर सीजन में लगातार 500 से अधिक रन बनाए हैं. हालांकि, उनकी बल्लेबाजी में सबसे बड़ी समस्या उनका स्ट्राइक रेट था, और कई विशेषज्ञों का मानना ​​था कि वे आधुनिक टी20 शैली के अनुरूप नहीं खेल पा रहे थे. लेकिन 2026 में सब कुछ बदल गया लगता है. राहुल ने नौ मैचों में 433 रन बनाए हैं, जिनमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. 

RR के खिलाफ रहा करियर का सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट

केएल राहुल ऐसे खिलाड़ी रही हैं जिन्होंने रन तो हमेशा ही बनाए हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में उनके स्ट्राइक रेट को लेकर अकसर ही सवाल उठे हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से राहुल का अलग ही रूप देखने को मिला है. राहुल 2.O ने टी20 प्रारुप में अब खुद को साबित किया है.

उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 75 रन बनाए. जिसने डीसी को हार का सिलसिला तोड़ने और अंक तालिका में वापसी करने में मदद की. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 185.84 है, जो उनके आईपीएल करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ है. 

2018 से KL Rahul का रन और स्ट्राइक रेट

2018 – 659 रन, स्ट्राइक रेट 158.41

2019 – 593 रन, स्ट्राइक रेट 135.38

2020 – 670 रन, स्ट्राइक रेट 129.34

2021 – 626 रन, स्ट्राइक रेट 138.80

2022 – 616 रन, स्ट्राइक रेट 135.38

2023 – 274 रन, स्ट्राइक रेट 113.22

2024 – 520 रन, स्ट्राइक रेट 136.13

2025 – 539 रन, स्ट्राइक रेट 149.72

2026* – 433 रन, स्ट्राइक रेट 185.84

'मैंने अपनी कमी पर काम किया.....' केएल राहुल

केएल राहुल ने मैच के बाद प्रजेंटेशन में अपनी स्ट्राइक रेट पर बात करते हुए कहा कि, 'पिछले कुछ वर्षों में स्ट्राइक रेट को लेकर काफी चर्चा हुई है. यह एक ऐसी चीज है जिस पर मैंने काम किया है. मुझे खुशी है कि मैं टीम के लिए जो आवश्यक है वह कर रहा हूं, और आधुनिक टी20 क्रिकेट की आवश्यकताओं को पूरा कर रहा हूं, और ये मेरे लिए काफी संतोषजनक है.'

कुछ समय पहले ही उन्होंने कहा था कि टी20 क्रिकेट में स्ट्राइक रेट को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है , लेकिन अब राहुल खेल के सबसे छोटे प्रारूप की आक्रामक शैली के प्रबल समर्थक हैं.