WTC Points Table: वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप करने के बाद भी फाइनल से बाहर टीम इंडिया! जानें कैसा है पॉइंट्स टेबल का हाल
Updated WTC Points Table: भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट मैच में 7 विकेट से हराकर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से जीत हासिल की. हालांकि, इसके बाद भी टीम इंडिया फाइनल के लिए टॉप-2 में जगह नहीं बना पाई है और वे तीसरे स्थान पर काबिज हैं.
Updated WTC Points Table: टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया. यह सीरीज युवा कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत की पहली टेस्ट सीरीज थी. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में यह भारत की चौथी जीत है लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया अभी भी फाइनल की रेस में शीर्ष दो स्थानों से बाहर है.
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट जीतकर WTC 2025-27 में अपनी स्थिति को मजबूत किया है. इस जीत के साथ भारत का पॉइंट्स परसेंटेज (PCT) 55.6 से बढ़कर 61.90 हो गया है. भारत ने अब तक इस चक्र में 7 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 4 जीत, 2 हार और 1 ड्रॉ शामिल है. फिर भी पॉइंट्स टेबल में भारत तीसरे स्थान पर है. फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को टॉप-2 में जगह बनानी होगी. हालांकि, यह अभी शुरुआती दौर है और टीम इंडिया आने वाले मुकाबलों में जीत हासिल कर टॉप-2 में जगह बनाना चाहेगी.
WTC पॉइंट्स टेबल का हाल
वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया 100 PCT के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है, जबकि श्रीलंका 66.67 PCT के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है. भारत 61.90 PCT के साथ तीसरे स्थान पर है. तो वहीं इंग्लैंड की टीम 43.3 परसेंटेज पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है.
दूसरे टेस्ट में भारत का दबदबा
दिल्ली टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहली पारी में 518/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया. युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 175 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 129 रन बनाए. वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रनों पर सिमट गई, जिसमें कुलदीप यादव ने 5 विकेट चटकाए.
दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की वापसी
वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खेलने के लिए कहा गया, जहां उनकी टीम ने दूसरी पारी में जोरदार वापसी की. जॉन कैंपबेल (115) और शाई होप (103) ने शतक जड़े और वेस्टइंडीज ने 390 रन बनाकर 120 रनों की बढ़त हासिल की. इस पारी में कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए. चौथी पारी में भारत को 121 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे केएल राहुल (58) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने पांचवें दिन केवल एक घंटे में 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया.
और पढ़ें
- IND vs WI: वेस्टइंडीज का 'सूपड़ा साफ' कर भारत ने रचा इतिहास, 147 सालों में ऐसा करने वाली बनी दुनिया की पहली टीम
- IND vs WI 2nd Test: भारत ने वेस्टइंडीज का किया क्लीन स्विप, दिल्ली टेस्ट में 7 विकेट से दर्ज की जीत
- IND vs AUS: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, दो स्टार खिलाड़ी हुए बाहर