नई दिल्ली: डेजर्ट वाइपर्स ने आखिरकार अपने लंबे इंतजार को खत्म कर दिया. सैम करन की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार DP वर्ल्ड ILT20 का खिताब अपने नाम कर लिया. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में वाइपर्स ने MI एमिरेट्स को 46 रन से हराकर इतिहास रच दिया.
डेजर्ट वाइपर्स इससे पहले दो बार ILT20 के फाइनल में पहुंची थी, लेकिन दोनों बार उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था. इस बार टीम ने कोई गलती नहीं की और पूरे टूर्नामेंट में दिखाई गई निरंतरता को फाइनल में भी बरकरार रखा.
लीग चरण में डेजर्ट वाइपर्स ने सिर्फ दो मुकाबले गंवाए थे. प्लेऑफ में भी टीम का दबदबा साफ नजर आया. क्वालिफायर-1 में उन्होंने MI एमिरेट्स को हराया और फिर फाइनल में भी उसी टीम को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की.
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए डेजर्ट वाइपर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 182 रन बनाए. टीम के कप्तान सैम करन ने नाबाद 74 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया और अंत तक टिके रहे.
करन को मैक्स होल्डन का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 41 रन बनाए. फखर जमां ने शुरुआत में तेज रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, जबकि डैन लॉरेंस ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर स्कोर को मजबूत किया.
सैम करन का प्रदर्शन सिर्फ फाइनल तक सीमित नहीं रहा. पूरे टूर्नामेंट में वह डेजर्ट वाइपर्स के सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए. उन्होंने टूर्नामेंट में 397 रन बनाए, तीन अर्धशतक लगाए, 7 विकेट झटके और 10 कैच लपके. इसी शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार भी मिला.
182 रन का बचाव करते हुए वाइपर्स के गेंदबाजों ने MI एमिरेट्स को कभी मैच में लौटने का मौका नहीं दिया. नसीम शाह ने पावरप्ले में ही दो अहम विकेट झटक लिए. बीच के ओवरों में खुजैमा तनवीर और उस्मान तारीक ने रन बनाना मुश्किल कर दिया.
हालांकि, शाकिब अल हसन और कीरोन पोलार्ड के बीच थोड़ी साझेदारी देखने को मिली, लेकिन यह ज्यादा देर नहीं टिक पाई.
डेविड पेन ने निचले क्रम को जल्दी समेट दिया और MI एमिरेट्स की पूरी टीम 18.3 ओवर में 136 रन पर सिमट गई.