'यह दावा पूरी तरह गलत है...', ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को लगाई फटकार
ICC ने साफ किया है कि यह दावा पूरी तरह गलत है और उसने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है. ICC ने स्पष्ट किया कि उसने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अभी तक कोई पत्र नहीं लिखा है.
नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले भारत में खेलने को लेकर असमर्थता जताई है. इसके अलावा बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ICC ने मान लिया है कि भारत में बांग्लादेश की टीम के लिए सुरक्षा का खतरा हो सकता है.
BCB का दावा गलत
अब ICC ने साफ किया है कि यह दावा पूरी तरह गलत है और उसने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है. ICC ने स्पष्ट किया कि उसने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अभी तक कोई पत्र नहीं लिखा है. ICC ने कहा कि इस मामले में वह जल्द ही आधिकारिक बयान जारी करेगा.
बांग्लादेश का झूठ सामने आया
आसिफ नजरुल ने कहा कि उन्होंने ICC को पत्र भेजे थे और ICC की सिक्योरिटी टीम ने उन्हें जवाब दिया है. आसिफ नजरुल के अनुसार, ICC की सिक्योरिटी टीम की तरफ से कहा गया है कि अगर यह तीन बातें होती हैं, तो भारत में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा का खतरा बढ़ जाएगा.
पहली, अगर मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश की टीम में शामिल होते हैं. दूसरी तरफ अगर बांग्लादेश के फैंस अपने देश की राष्ट्रीय जर्सी पहनकर घूमते हैं या बांग्लादेश में चुनाव नजदीक आने के साथ ही बांग्लादेश टीम की सुरक्षा का खतरा बढ़ जाएगा. अब ICC की तरफ से नजरुल के इन दावों का खंडन किया गया है.
मुस्तफिजुर रहमान को किया गया रिलीज
BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था. इसके बाद BCB ने सुरक्षा का हवाला देते हुए ICC को दो पत्र लिखे और भारत में मैच ना खेलने की मांग की.
वेन्यू बदलने का विकल्प
इससे पहले खबर सामने आई थी कि ICC ने वेन्यू बदलने का विकल्प सुझाया है. ICC ने BCB को कोलकाता और मुंबई के अलावा दो नए भारतीय शहरों चेन्नई और तिरुवनंतपुरम का विकल्प दिया है. बांग्लादेश की टीम फिलहाल ग्रुप स्टेज के अपने मैच कोलकाता और मुंबई में खेलने वाली थी लेकिन अब इन दो दक्षिण भारतीय वेन्यू पर विचार किया जा सकता है.