टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए तारीख और वेन्यू का हुआ ऐलान, लॉर्ड्स में खेला जाएगा फाइनल मुकाबला, देखें पूरी डिटेल्स

Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी ने वूमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए तारीख और वेन्यू का ऐलान किया है. ऐसे में इसका फाइनल मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाना है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी इंग्लैंड करेगा और इसका फाइनल मुकाबला ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में होगा. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 1 मई 2025 को इसकी पुष्टि की. यह तीसरी बार होगा जब इंग्लैंड में आयोजित किसी आईसीसी वर्ल्ड कप का फाइनल लॉर्ड्स में खेला जाएगा. इससे पहले 2017 में महिला वनडे वर्ल्ड कप और 2019 में पुरुष वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी इसी मैदान पर हुआ था. 

इस वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून 2026 से होगी. तो वहीं इसका फाइनल मुकाबला 5 जुलाई 2026 को लॉर्ड्स में खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा जाएगा, प्रत्येक ग्रुप में 6 टीमें होंगी. इस इवेंट में 30 लीग मैच खेले जाएंगे.  इसके बाद नॉकआउट राउंड होंगा टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा और क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबले लेकर आएगा.

7 वेन्यू पर खेला जाएगा मुकाबला

ये टूर्नामेंट इंग्लैंड में कुल 7 मैदानों पर खेला जाना है और इसमें लॉर्ड्स , ओल्ड ट्रैफर्ड (मैनचेस्टर), हेडिंग्ले (लीड्स), एजबेस्टन (बर्मिंघम), हैम्पशायर बाउल (साउथम्पटन), द ओवल (लंदन), ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड शामिल हैं.

ECB और ICC का उत्साह

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने ECB को एक शानदार टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए समर्थन जताया. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की क्रिकेट परंपरा इस वर्ल्ड कप को और आकर्षक बनाएगी. शाह ने लॉर्ड्स को फाइनल के लिए सबसे उपयुक्त मैदान बताया और कहा, “2017 में लॉर्ड्स में हुआ महिला वर्ल्ड कप फाइनल महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण था. यह टूर्नामेंट दुनिया भर की प्रतिभाओं को एक मंच देगा और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए उत्साह बढ़ाएगा.”

ECB के सीईओ रिचर्ड गोल्ड ने इसे इंग्लैंड और वेल्स में अब तक का सबसे बड़ा महिला क्रिकेट इवेंट बताया. उन्होंने कहा, “लॉर्ड्स में फाइनल आयोजित करना हर क्रिकेटर का सपना होता है. हम इस टूर्नामेंट को न सिर्फ एक इवेंट बनाना चाहते हैं, बल्कि इसे महिला क्रिकेट के लिए एक लंबे समय तक चलने वाला आंदोलन बनाना चाहते हैं.”