West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

भारत-इंग्लैंड की लड़ाई से स्टेडियम रहेंगे फुल, क्रिकेट की सबसे बड़ी रायवलरी एशेज को कैसे टीम इंडिया से मिलेगी मदद?

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के बीच खिलाड़ियों में बहस हुई है. ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि इससे एशेज सीरीज में टिकट बिक्री में मदद मिलने वाली है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी की रोमांचक और तीखी जंग ने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींच लिया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग का मानना है कि यह तीव्र राइवलरी न सिर्फ क्रिकेट के लिए अच्छी है बल्कि इससे आगामी एशेज 2025-26 सीरीज के टिकटों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल आएगा. 

भारत की मजबूत और आक्रामक खेल शैली इस राइवलरी को और रोमांचक बना रही है, जिसका फायदा ऑस्ट्रेलिया में होने वाली एशेज सीरीज को मिल सकता है. बता दें कि इससे पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ ने बड़ा बयान दिया है.

भारत-इंग्लैंड सीरीज का रोमांच

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ पूरे जोश के साथ खेल रही हैं. लॉर्ड्स टेस्ट से ही खिलाड़ियों के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली. मैनचेस्टर टेस्ट में तो मामला और गर्म हो गया, जब रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने बेन स्टोक्स के साथ हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और मैच जल्दी ड्रॉ पर खत्म हो गया.. टॉड ग्रीनबर्ग ने इसे एक तटस्थ प्रशंसक के नजरिए से शानदार तमाशा बताया. उन्होंने कहा, "यह देखने में मजेदार है, है ना? एक प्रशंसक के तौर पर यह शानदार क्रिकेट है." 

एशेज के लिए बढ़ा उत्साह

एशेज 2025-26 सीरीज नवंबर में शुरू होने जा रही है. ग्रीनबर्ग को उम्मीद है कि इस बार स्टेडियम में दर्शकों की संख्या पिछले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (2024-25) के रिकॉर्ड 8,37,879 को पार कर जाएगी. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया में एशेज के अलावा सबसे ज्यादा दर्शकों वाली टेस्ट सीरीज थी. ग्रीनबर्ग ने कहा कि भारत-इंग्लैंड की मौजूदा सीरीज का जोश और जुनून एशेज के टिकटों की बिक्री को बढ़ाने में मदद करेगा. 

उन्होंने कहा, "यह शानदार क्रिकेट है, जो एशेज से पहले का माहौल बना रहा है. इससे हमारे टिकटों की बिक्री बढ़ेगी." क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, एशेज के पांच टेस्ट मैचों, पर्थ, ब्रिसबेन, एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी के पहले दिन के टिकट पहले ही बिक चुके हैं. गाबा, एडिलेड ओवल और सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के पहले-दूसरे और तीसरे दिन के टिकट भी खत्म हो चुके हैं.