VIDEO: श्रीलंकाई स्पिनर ने 'जादुई' गेंद से किया Harry Brook का शिकार, फैंस को याद आई 'बॉल ऑफ द सेंचुरी'
England vs Sri Lanka: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मैनचेस्टर में जारी पहले टेस्ट मैच में कुछ ऐसा हुआ, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है. श्रीलंकाई स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को क्लीन बोल्ड कर दिया, जिस गेंद पर ब्रूक आउट हुए वो इतनी ज्यादा टर्न हुई कि उसने दिग्गज शेन वॉर्न की 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' की यादें ताजा कर दीं. अब सोशल मीडिया पर प्रभात जयसूर्या की इस जादुई गेंद का वीडियो वायरल है.
England vs Sri Lanka: इन दिनों श्रीलंका की टीम इंग्लैंड दौरे पर है, जहां उसे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. पहला मुकाबला मैनचेस्टर में चल रहा है. पहली पारी में 236 रन बनाने वाले श्रीलंका की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 259 रन पर इंग्लैंड के 6 विकेट गिरा लिए हैं. अभी इंग्लैंड 23 रन आगे है. आज खेल का तीसरा दिन रहने वाला है. दूसरे दिन श्रीलंकाई स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने कुछ ऐसा कर दिया, जिससे वो चर्चा में आ गए. इसकी वजह उनकी वो जादुई गेंद है, जिस पर इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक गच्चा खा गए और क्लीन बोल्ड हुए.
शेन वॉर्न ने फेंकी थी 'बॉल ऑफ द सेंचुरी'
दरअसल, 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' का जिक्र जब भी होता है तब शेन वॉर्न का चेहरा सामने आता है. 20वीं सदी की बॉल ऑफ द सेंचुरी शेन वॉर्न ने ही फेंकी थी. उन्होंने 1993 में इंग्लैंड के खिलाफ सुपरस्टार प्लेयर माइक गैटिंग को आउट किया था. वॉर्न की यह गेंद शायद सातवें-आठवें स्टंप के सामने से टप्पा खाकर आई और सीधा ऑफ स्टंप में घुस गई. माइक गैटिंग देखते रह गए थे और शेन वॉर्न ने चमत्कार कर दिखाया था.