एशेज के पहले मैच में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को हुआ भारी नुकसान! जानें क्यों हुआ ऐसा

एशेज सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ में खेला गया. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीत हासिल की. हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में भारी नुकसान उठाना पड़ा है.

X
Praveen Kumar Mishra

पर्थ: एशेज सीरीज हमेशा से क्रिकेट जगत की सबसे रोमांचक जंगों में से एक रही है. 2025-26 की इस सीरीज का आगाज ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में हुआ, जहां मेजबान टीम ने इंग्लैंड को सिर्फ दो दिनों में धूल चटा दी. 

हालांकि, इस शानदार जीत के पीछे एक कड़वी सच्चाई छिपी है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) को आर्थिक रूप से करारा झटका लगा है. जीत तो मिली लेकिन पैसे का नुकसान इतना बड़ा हुआ कि सवाल उठने लगे हैं. 

पर्थ टेस्ट दो दिन में ही हुआ समाप्त

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम पर्थ में एशेज के पहले मुकाबले में आमने-सामने थीं. इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और पहली पारी में मात्र 172 रन बनाए थे. हालांकि, इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम भी 132 रनों पर सिमट गई थी.

इसके बाद इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 164 रन बनाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 205 रनों का लक्ष्य दिया. इसके बाद पर्थ में ट्रेविस हेड का तूफान देखने को मिला और उन्होंने 69 गेंदों पर ही सेंचुरी ठोक डाली. हेड ने 123 रनों की पारी खेली और कंगारु टीम ने मैच को 8 विकेट से अपने नाम कर लिया.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को क्यों होगा ये नुकसान

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा झटका टिकट बिक्री से आया. पर्थ स्टेडियम में तीसरे और चौथे दिन के लिए हजारों टिकट बिक चुके थे. अनुमान के मुताबिक यह नुकसान ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में 3 मिलियन से ज्यादा का है, जो भारतीय रुपये में लगभग 17.35 करोड़ के आसपास बैठता है.

इस नुकसान में ज्यादातर हिस्सा टिकटों के रिफंड और खाली स्टेडियम से आने वाली आय की कमी से आया. सीए को न सिर्फ टिकट पैसे लौटाने पड़े बल्कि ब्रॉडकास्टिंग और स्पॉन्सरशिप डील्स पर भी असर पड़ा. एबीसी स्पोर्ट के अनुसार यह ऐसी स्थिति है जो क्रिकेट की लोकप्रियता के बावजूद आर्थिक चुनौतियां पैदा कर रही है.

बैजबॉल का उल्टा असर

इंग्लैंड की आक्रामक 'बेजबॉल' रणनीति इस बार उल्टी पड़ गई. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मैच लंबा चलता, तो दर्शकों की संख्या और बढ़ जाती. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की तेज गति ने सब कुछ बदल दिया. कुछ लोग मजाक में कह रहे हैं कि इंग्लैंड ने अनजाने में ऑस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा दिया.