राइजिंग स्टार्स एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान-बांग्लादेश की जंग, भारत में मुकाबले को कैसे देखें लाइव
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाना है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस मुकाबले को आप भारत में कैसे लाइव देख सकते हैं.
नई दिल्ली: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच गया है. सेमीफाइनल के कड़े मुकाबलों के बाद फाइनल में पाकिस्तान शाहीन्स और बांग्लादेश ए की टीमें आमने-सामने होंगी.
पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर और बांग्लादेश ने भारत ए को मात देकर फाइनल में जगह बनाई है. अब 23 नवंबर को होने वाले इस महामुकाबले का हर क्रिकेट फैन को बेसब्री से इंतजार है.
कब और कहाँ खेला जाएगा फाइनल?
यह फाइनल 23 नवंबर 2025 (रविवार) को कतर की राजधानी दोहा में होगा. बता दें कि इस टूर्नामेंट को दोहा में ही आयोजित किया गया है और सभी मुकाबले वहीं पर खेले जा रहे हैं. मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा. टॉस शाम 7:30 बजे होगा.
भारत में टीवी पर कैसे देखें?
भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा. अगर आपके पास सोनी स्पोर्ट्स के चैनल हैं, तो आप आराम से टीवी पर पूरा मैच देख सकते हैं.
लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
अगर आप मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, तो दो आसान विकल्प हैं. आप सोनी लिव या फिर फैनकोड के ऐप और वेबसाइट पर मुकाबले को लाइव देख सकते हैं.
दोनों टीमों की ताकत
पाकिस्तान शाहीन्स की टीम में कई युवा धमाकेदार खिलाड़ी हैं. कप्तान इरफान खान की अगुवाई में टीम बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर रही है. उबैद शाह, सुफियान मुकीम और खुर्रम शाहजाद जैसे गेंदबाज विरोधी बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बने हुए हैं.
दूसरी तरफ बांग्लादेश ए टीम ने भारत ए को हराकर सबको चौंकाया है. कप्तान अकबर अली और विकेटकीपर के तौर पर भी यही खिलाड़ी अहम भूमिका निभा रहे हैं. जीशान आलम, महिदुल इस्लाम अंकन और रिपन मोंडोल जैसे खिलाड़ी फॉर्म में हैं. बांग्लादेश की टीम बैलेंस्ड नजर आ रही है और वह खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है.
कौन बनेगा चैंपियन?
दोनों टीमें सेमीफाइनल में शानदार रही हैं. पाकिस्तान की गेंदबाजी थोड़ी ज्यादा मजबूत दिखती है, जबकि बांग्लादेश की बल्लेबाजी ने बड़े स्कोर खड़े करने का दम दिखाया है. दोहा की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है इसलिए टॉस भी अहम होगा.