विराट कोहली की राह पर बाबर आजम, श्रीलंका के खिलाफ सेंचुरी जड़ खत्म किया शतकों का सूखा

बाबार आजम ने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मैच में शानदार पारी खेलते हुए शतक लगाया. इसी के साथ उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में शतकों का सूखा खत्म कर दिया है.

@imtiyazrashid50 (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने आखिरकार अपने शतकों के लंबे सूखे को खत्म कर दिया. श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में उन्होंने नाबाद 102 रनों की शानदार पारी खेली. 

यह मैच 14 नवंबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. बाबर की इस सेंचुरी की बदौलत पाकिस्तान ने 289 रनों का लक्ष्य सिर्फ 48.2 ओवर में हासिल कर लिया और मैच को 8 विकेट से जीत लिया.

807 दिनों का इंतजार हुआ खत्म

बाबर आजम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 84 पारियों के बाद पहली बार शतक लगाया. उनका पिछला शतक एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ 30 अगस्त को आया था. उसके बाद से वे 20 बार अर्धशतक जरूर बना चुके थे लेकिन तीन अंकों का आंकड़ा छू नहीं पाए थे. 

अब 807 दिनों के बाद उन्होंने राहत की सांस ली. इस शतक के साथ बाबर ने सईद अनवर के साथ मिलकर पाकिस्तान के लिए वनडे में सबसे ज्यादा 20 शतक लगाने का रिकॉर्ड बराबर कर लिया. बाबर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 83 पारियों के बाद शतक लगाया था और विराट कोहली ने भी एक समय पर 83 पारियों के बाद अपने शतकों का सूखा खत्म किया था.

कोहली की तरह तेजी से पहुंचे मील के पत्थर

बाबर ने सिर्फ 136 पारियों में वनडे क्रिकेट में 20 शतक पूरे कर लिए. इससे वे इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए. उनसे आगे हाशिम अमला 108 पारियों में और विराट कोहली 133 पारियों में यह कारनामा कर चुके हैं. 

घरेलू मैदानों पर यह उनका आठवां शतक है, जो किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज का सबसे ज्यादा है. इससे उन्होंने मोहम्मद यूसुफ के सात शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

मैच में बाबर की धैर्यपूर्ण पारी

मैच की शुरुआत में सैम अयूब और फखर जमान ने 58 गेंदों पर 77 रनों की मजबूत साझेदारी की. बाबर क्रीज पर आए तो उन्होंने संभलकर खेलना शुरू किया. पहले 23 गेंदों तक उन्होंने स्ट्राइक रोटेट की और चौका नहीं मारा. 

इसके बाद धीरे-धीरे लय पकड़ी और 68 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया. फखर जमान के साथ दूसरे विकेट के लिए 127 गेंदों पर 100 रनों की साझेदारी की. अंत में पाकिस्तान ने इस मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया.