T20 World Cup 2026

बुरी तरह हारने के बाद पाकिस्तान ने एशिया कप से हटने की दी धमकी, मैच रेफरी को हटाने पर अड़ा

पीसीबी ने आरोप लगाया कि पाइक्रॉफ्ट ने अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल किया जब उन्होंने दोनों कप्तानों, भारत के सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के सलाम आगा को टॉस के समय हाथ न मिलाने का निर्देश दिया, जिससे वास्तव में एक टीम का पक्ष लिया गया.

Social Media
Gyanendra Sharma

Asia Cup 2025: रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2025 के मैच के बाद भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हाथ न मिलाने के विवाद ने सोमवार को एक नया मोड़ ले लिया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड  ने इसका जोरदार विरोध किया है. मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के समक्ष भारतीय टीम के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के एक दिन बाद, पाकिस्तान बोर्ड ने मैच अधिकारी पर ही निशाना साधा और उन्हें मौजूदा एशिया कप के रेफरी पैनल से हटाने की मांग की.

पीसीबी ने कथित तौर पर आईसीसी को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे टूर्नामेंट से हटने तक की हद तक जा सकते हैं. पीसीबी ने आरोप लगाया कि पाइक्रॉफ्ट ने अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल किया जब उन्होंने दोनों कप्तानों, भारत के सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के सलाम आगा को टॉस के समय हाथ न मिलाने का निर्देश दिया, जिससे वास्तव में एक टीम का पक्ष लिया गया.

मैच रेफरी को हटाने की मांग

पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी, जो एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के भी प्रमुख हैं ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, पीसीबी ने मैच रेफरी द्वारा आईसीसी आचार संहिता और एमसीसी के क्रिकेट भावना से संबंधित कानूनों के उल्लंघन के संबंध में आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई है. पीसीबी ने एशिया कप से मैच रेफरी को तत्काल हटाने की मांग की है.

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने धमकी दी है कि अगर पाइक्रॉफ्ट को रेफरी पैनल से नहीं हटाया गया, तो वह 17 सितंबर को यूएई के खिलाफ होने वाले अपने अगले मैच का बहिष्कार करेगा. इससे पहले, इसी पाकिस्तानी मीडिया संस्थान ने खबर दी थी कि एसीसी भारत के खिलाफ हाथ मिलाते समय वॉकआउट करने के मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रहा है.

भारत के खिलाड़ियों ने नहीं मिलाया था हाथ

एशिया कप के मैच के दौरान भारतीय टीम के किसी प्लेयर ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. मैच के बाद हैंडशेक कंट्रोवर्सी पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा - कुछ बातें खेल भावना से ऊपर होती हैं. टीम मैनेजमेंट ने यह फैसला BCCI और भारत सरकार की सहमति से लिया था. हम पहलगाम हमले के पीड़ितों के साथ हैं.